---विज्ञापन---
80s का सबसे खूंखार विलेन, 71 की उम्र में भी जलवा, 40 साल से बॉलीवुड पर कर रहा राज

Bollywood Actor: बॉलीवुड का एक्टर पिछले 40 साल से इंडस्ट्री में तहलका मचा रहा है. 71 साल की उम्र में भी एक्टर फिल्मी दुनिया में छाया हुआ है. वहीं 80 के दशक में इस एक्टर ने अपने खूंखार विलेन किरदार से हर किसी को चौंका दिया था. कॉमेडी के मामले में भी इस एक्टर ने दर्शकों का दिल जीता है.

हम बात कर रहे हैं पिछले 40 साल से इंडस्ट्री में छाए हुए एक्टर अनुपम खेर की, जिन्होंने अपने करियर में कॉमेडी, विलेन, बुजुर्ग पिता और पुलिस कमिश्नर जैसे हर तरह के किरदार निभाए.

अपने करियर में अनुपम खेर ने लगभग सभी उम्र के किरदार बड़ी शिद्दत से निभाए हैं. यहीं कारण है कि 71 साल की उम्र में भी वो शानदार काम कर रहे हैं. उनके अंदर एक अलग ही जज्बा देखने को मिलता है.

अनुपम खेर का जन्म 7 मार्च 1955 को हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुआ था. वे एक कश्मीरी पंडित परिवार से हैं. अनुपम को बचपन से ही अभिनय में रुचि थी, इसलिए उन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़ दी और चंडीगढ़ के पंजाबी विश्वविद्यालय में भारतीय नाटक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया.

साल 1984 में आई 'सारांश' से अनुपम खेर ने अपने करियर की शुरुआत की. इस फिल्म में उन्होंने 28 साल की उम्र में 65 साल के बुजुर्ग पिता का रोल निभाया और रातोंरात स्टार बन गए. इस फिल्म से उनकी अदाकारी ने खूब सुर्खियां बटोरी. इस फिल्म के लिए अनुपम खेर को फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला.

इसके बाद अनुपम खेर को विलेन के किरदार मिले, जिन्हें उन्होंने बखूबी निभाया. फिल्म 'कर्मा', 'तेजाब', और 'चालबाज' में उन्होंने अपने विलेन अंदाज से हर किसी का दिल जीत लिया. इसके बाद कई फिल्मों में पारिवारिक किरदार तो वहीं कई फिल्मों में कॉमेडी अंदाज से हर किसी को आकर्षित किया.

एक्टिंग के अलावा अनुपम खेर ने निर्देशन और प्रोडक्शन में भी अपना हाथ आजमाया. उन्होंने 'ओम जय जगदीश' और 'मैंने गांधी को नहीं मारा' जैसी शानदार फिल्में बनाई. अनुपम एक्टिंग स्कूल 'एक्टर प्रिपेयर्स' भी चलाते हैं. हाल ही में आई उनकी फिल्म तन्वी द ग्रेट काफी पसंद की गई.