---विज्ञापन---
इंडस्ट्री में ‘धुरंधर 2’ का खौफ? पहले ‘टॉक्सिक’ और अब ‘डकैत’ की बदली रिलीज डेट

'धुरंधर' स्टार रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है. फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन हैरानी की बात ये है, कि इसके आसपास रिलीज होने वाली दूसरी बड़ी फिल्मों की तारीखें लगातार बदल रही हैं. पहले यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज टली और अब अदिवी शेष की फिल्म 'डकैत' भी पोस्टपोन कर दी गई है. ऐसे में बड़ा सवाल ये उठता है, कि क्या 'धुरंधर 2' के साथ क्लैश से बचने के लिए बाकी फिल्में पीछे हट रहीं हैं.

दरअसल, केजीएफ एक्टर यश की फिल्म 'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी. जिसको लेकर फैंस की एक्साइटमेंट भी हाई है, फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिल्म की रिलीज से करीब दो हफ्ते पहले ही मेकर्स ने इसे टालने का फैसला किया.

हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट बदलने का कारण क्लैश नहीं बताया गया. बल्कि मेकर्स के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से कई देशों में फिल्म रिलीज करना मुश्किल हो सकता था. ऐसे में ये फैसला लिया गया, ताकि फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज किया जा सके, अब ये फिल्म 4 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

वहीं दूसरी तरफ, अदिवी शेष की फिल्म 'डकैत' भी अब 19 मार्च को रिलीज नहीं होगी. खुद अदिवी शेष ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी है. उन्होंने फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए, बताया कि अब 'डकैत' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. पोस्टर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'गोल्डफिश... 10 अप्रैल को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में... डकैत.'

हालांकि, रिलीज डेट बदलने के बाद भी फिल्म को क्लैश से पूरी तरह राहत नहीं मिली है. अब 'डकैत' के सामने अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' है, जो पहले से ही 10 अप्रैल को रिलीज के लिए तैयार है. ऐसे में अप्रैल में भी बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी टक्कर देखने को मिलेगी.

ये फिल्म अपनी कास्टिंग को लेकर पहले से ही चर्चा में है. शुरुआत में फिल्म में लीड एक्ट्रेस के रूप में श्रुति हासन का नाम सामने आया था, लेकिन बाद में क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से उन्होंने ये प्रोजेक्ट छोड़ दिया. इसके बाद मेकर्स ने उनकी जगह मृणाल ठाकुर को कास्ट किया.

बहरहाल, मार्च और अप्रैल में बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिलेगा है. जहां एक तरफ 'धुरंधर 2' को लेकर बज बना हुआ है, तो वहीं दूसरी ओर बाकी फिल्में अपनी रिलीज डेट बदलती नजर आ रही हैं. अब देखना दिलचस्प होगा, कि आखिर बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म बाजी मारती है.