Sunjay Kapur Property Dispute: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के दिवंगत पति और उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति और वसीयत को लेकर चल रहे विवाद में एक नया मोड़ सामने आया है. इस मामले में संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर ने अपनी ननद मंधीरा कपूर के खिलाफ सिविल मानहानि का मुकदमा दिल्ली हाई कोर्ट में दायर किया था. अब इस मामले में हाई कोर्ट ने सुनवाई करते हुए समन जारी किया है और सभी पक्षों के बीच मध्यस्थता का सुझाव दिया है.
कोर्ट ने इस मामले में दोनों पक्षों को संयम बरतने और मीडिया में बयान देने से बचने के निर्देश दिए हैं. सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर ने मानहानि याचिका में कहा है कि उनके पति की मौत जून 2025 में हो गई थी. उनके पति की मौत के तुरंत बाद उनके खिलाफ लगातार झूठे बयान दिए गए. इसके तहत उनके वंश को निशाना बनाया गया. ये बयान उनके सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर मंधीरा कपूर ने इस मानहानि याचिका का विरोध किया. उनके वकील ने अदालत को बताया कि मुकदमे में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया है और उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठे हैं.
14 मई को अगली सुनवाई
अब इस मामले की अगली सुनवाई 14 मई को होगी. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए प्रयास करना जरूरी है. इसके लिए कोर्ट ने मध्यस्थता का सुझाव दिया ताकि विवाद को सुलझाया जा सके. बता दें संजय कपूर की प्रॉपर्टी से जुड़ा ये विवाद लंबे समय से चल रहा है. संजय कपूर की मौत के बाद उनकी संपत्ति और वसीयत को लेकर परिवार में कई कानूनी लड़ाइयां चल रही हैं. संजय की पत्नी प्रिया कपूर ने पहले अपनी ननद मंधीरा कपूर और पॉडकास्टर पूजा चौधरी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला भी दर्ज कराया था. उनका आरोप था कि सोशल मीडिया, पॉडकास्ट और मीडिया इंटरव्यू के जरिए उनके खिलाफ झूठे और अपमानजनक बयान दिए गए.