Hanuman Ansh Box Office Collection Day 30: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक महीना यानी कि पूरे 30 दिन हो चुके हैं. फिल्म इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है और लगातार शानदार कारोबार कर रही है. महज 2 करोड़ के मामूली से बजट में बनी इस मूवी ने इतिहास रच दिया है. यह 30 दिनों में 100 करोड़ के करीब पहुंच गई है. इस फिल्म ने शनिवार को सबसे ज्यादा कारोबार किया है. तो चलिए एक नजर डालते हैं फिल्म के पांचवें शनिवार के कलेक्शन पर.
30वें दिन फिल्म ने किया ताबड़तोड़ कलेक्शन
दरअसल, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी हनुमान अंश सिनेमाघरों में 7 अगस्त को रिलीज हुई थी. फिल्म को शुरुआत में दर्शकों का कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था. लेकिन अब लगातार यह बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म ने रिलीज के 30वें दिन सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 16.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. फिल्म ने 29वें दिन के मुकाबले सीधे तौर पर 6.25 करोड़ का ज्यादा कारोबार किया है. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 62 प्रतिशत रही है और कुल शोज 6,055 चले हैं.
हनुमान अंश वर्ल्डवाइड कलेक्शन
फिल्म ने 30 दिनों में भारत में कुल 99.13 करोड़ का शानदार कारोबार कर लिया है. फिल्म 100 करोड़ रुपये पूरे करने से महज 87 लाख पीछे है और उम्मीद की जा रही है कि संडे के दिन भी फिल्म को बेहतरीन रिस्पॉन्स मिलेगा और ये 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी. फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 117.27 करोड़ रुपये हो गया है.
हनुमान अंश वीकली कलेक्शन
बता दें कि महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है. हालांकि फिल्म को शुरुआत में कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था. फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में महज 1.08 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 40 लाख, तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपये और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. वहीं, पांचवें हफ्ते में भी फिल्म ने शानदार शुरुआत की है और इसने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाई हुई है.
हनुमान अंश स्टार कास्ट
फिल्म की कहानी को लेकर बात करें तो यह नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है. फिल्म में उनके बचपन से लेकर उनके आध्यात्मिक सफर के बारे में दिखाया गया है. इस मूवी में शोभिवान सत्या अहम रोल में दिखे हैं और उन्होंने नीम करोली बाबा का रोल किया है. फिल्म में उनके अलावा विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकार नजर आए हैं.