Hanuman Ansh Box Office Collection Day 29: नीम करोली बाबा के जीवन और विचारों पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश'(Hanuman Ansh) इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. फिल्म लगातार लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. सिर्फ 2 करोड़ रुपये के मामूली से बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. फिल्म की रिलीज को 29 दिन बीत चुके हैं और यह लगातार करोड़ों का कारोबार कर रही है. इतना ही नहीं जन्माष्टमी के दिन इस मूवी की ताबड़तोड़ कमाई हुई है. तो चलिए एक नजर डालते हैं कि फिल्म ने अपनी रिलीज के 29वें दिन कितना कलेक्शन किया है.
हनुमान अंश डे 29 कलेक्शन
दरअसल, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ का पांचवां हफ्ता शुरू हो गया है और नए हफ्ते की शुरुआत में भी इसका जलवा जारी है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने 29वें दिन यानी कि शुक्रवार को 10 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है. हालांकि फिल्म की कमाई में गुरुवार के मुकाबले 1 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई है. फिल्म की ऑक्यूपेंसी इस दिन 47 प्रतिशत रही है और कुल शोज 5,055 चले हैं.
हनुमान अंश ने भारत में किया इतना कारोबार
फिल्म ने भारत में 29 दिनों में कुल 82.88 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया है. वहीं, भारत में इसकी ग्रॉस कमाई 97.77 करोड़ रुपये हो गई है. यह 100 करोड़ से महज थोड़ी ही दूर है. जिस हिसाब से सोशल मीडिया पर और लोगों के बीच इस मूवी को लेकर क्रेज देखने को मिल रहा है. उस हिसाब से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह इस वीकेंड 100 करोड़ का भी आंकड़ा पार कर लेगी. क्योंकि फिल्म की रिलीज के तीसरे हफ्ते में अचानक से इसकी कमाई बढ़ी है और लोग लगातार इस मूवी को लेकर बात कर रहे हैं.
फिल्म का वीकली कलेक्शन
महज 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी इस मूवी ने अपना सिर्फ बजट ही नहीं निकाला, बल्कि कई गुना ज्यादा का कारोबार कर लिया है. हनुमान अंश साल 2026 की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है. बता दें कि शुरुआत हफ्ते में इसने सिर्फ 1.08 करोड़ का कलेक्शन किया था. वहीं, रिलीज के दूसरे हफ्ते में सिर्फ 40 लाख, लेकिन रिलीज के तीसरे हफ्ते में इसने 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं, चौथे हफ्ते में फिल्म की कमाई बढ़कर 61 करोड़ रुपये पहुंच गई. फिल्म ने पांचवें हफ्ते की शुरुआत भी काफी मजबूती से की है.
हनुमान अंश की कहानी और स्टारकास्ट
कहानी को लेकर बात करें तो इसमें नीम करोली बाबा के जीवन के बारे में दिखाया गया है. फिल्म में उनके बचपन से लेकर बड़े होने और एक आध्यात्मिक सफर पर निकलने की पूरी दास्तान का जिक्र किया गया है. इस मूवी में शोभिनाव सत्या ने नीम करोली बाबा का अहम किरदार निभाया है. इसके अलावा विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकार नजर आए हैं.