इस वक्त टीवी इंडस्ट्री में आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। जैसा कि E24 आपको पहले ही बता चुका है, ‘Lock Up Season 2’ के प्रीमियर एपिसोड में गौरव खन्ना की पत्नी और एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला ने अपनी शादी को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। शो के पहले ही एपिसोड में आकांक्षा ने बताया कि वह पिछले एक साल से अपने पति गौरव खन्ना के साथ नहीं रह रही हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से अलग रहने के बाद दोनों ने अब अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला कर लिया है और जल्द ही तलाक की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
आकांक्षा के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक तरफ कई फैंस कपल के रिश्ते को लेकर चिंता जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में यूजर्स इस पूरे मामले को ‘पब्लिसिटी स्टंट’ बता रहे हैं। लोगों का मानना है कि शो के पहले ही दिन अपनी पर्सनल और मैरिड लाइफ से जुड़ा इतना बड़ा खुलासा करना आकांक्षा की गेम स्ट्रैटेजी भी हो सकता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लगातार इस मुद्दे को लेकर चर्चा हो रही है और यूजर्स अलग-अलग तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।