लाल इश्क और कसौटी ज़िंदगी की 2 जैसे शोज में काम कर चुकीं एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी हाल ही में सुर्खियों में आ गई हैं. लगातार खबरें आ रही हैं कि उन्होंने सूरत जाने वाली ट्रेन में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के जवान पर रेजर से कथित तौर पर हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. वहीं, अब अंतरा बनर्जी ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है. उन्होंने कहा है कि इस घटना या FIR से उनका कोई लेना-देना नहीं है.
अंतरा बनर्जी की टीम ने जारी किया बयान
दरअसल, अंतरा बनर्जी की टीम ने मीडिया के लिए एक बयान जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि नाम एक जैसा होने की वजह से उन्हें गलती से इस मामले में आरोपी समझ लिया गया था. टीम ने खबर प्रकाशित करते समय कई मीडिया संस्थानों द्वारा इस्तेमाल की गई उनकी तस्वीर पर भी आपत्ति जताई है.
अंतरा बनर्जी नहीं अंतरा सोहम बनर्जी हुईं है गिरफ्तार
बयान में कहा गया, “FIR की असली कॉपी की जांच करने पर यह पुष्टि हुई है कि FIR में जिस शख्स का नाम है, वह ठाणे की रहने वाली मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी है, न कि एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी। ये दोनों बिल्कुल अलग-अलग शख्स हैं. हम फिर से स्पष्ट कर दें कि अंतरा बनर्जी का इस FIR या बताई जा रही घटना से कोई लेना-देना या संबंध नहीं है." इस पूरे मामले पर बात करने के लिए अंतरा बनर्जी आज, 17 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह इस मामले से जुड़े सवालों के जवाब देंगी.
क्या है पूरा मामला
बता दें कि ठाणे की रहने वाली मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी पर सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने मामला दर्ज किया है. उन पर आरोप है कि सूरत जाने वाली ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान उन्होंने RPF कॉन्स्टेबल पर रेजर से हमला किया. पुलिस के मुताबिक, यह घटना 12 अगस्त को अरावली एक्सप्रेस में हुई थी. RPF के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर यामिनीकांत मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि गलत सीट पर बैठे पाए जाने के बाद बनर्जी और टिकट कलेक्टर के बीच बहस हुई.
GRP अधिकारी ने बताया, “बनर्जी एक रिजर्व्ड सीट पर बैठी थीं और उन्होंने असली टिकट होल्डर के लिए सीट खाली करने से मना कर दिया था। जब मिश्रा उन्हें सीट खाली करने में मदद करने गए, तो बात मानने की बजाय उन्होंने RPF टीम के साथ कथित तौर पर अपशब्द कहे.” इस घटना के अगले दिन बोरीवली रेलवे पुलिस ने अंतरा सोहम बनर्जी को हिरासत में लिया.
इन टीवी शोज में काम कर चुकी हैं अंतरा बनर्जी
वहीं, एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी की बात करें तो वह गुमराह: एंड ऑफ इनोसेंस, सावधान इंडिया, बढ़ो बहू, लाल इश्क, कसौटी ज़िंदगी की और दिव्य दृष्टि जैसे कई टीवी शोज में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा, वह एकता कपूर की वेब सीरीज रागिनी एमएमएस रिटर्न्स सीजन 2 और द शौकीन्स में भी नजर आ चुकी हैं.