मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल हाल ही में फिल्म ‘दृश्यम 3’ में नजर आए थे, जो साल 2013 में आई ‘दृश्यम’ का तीसरा पार्ट है. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही थी. ‘दृश्यम 3’ की सफलता के बाद मोहनलाल ने नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर विष्णु मोहन के साथ हाथ मिलाया है. दोनों जल्द ही एक फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसको लेकर हाल ही में नई डिटेल्स सामने आई हैं. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.
मोहनलाल इस फिल्म में आएंगे नजर, मिला ऑफिशियल नाम
दरअसल, मोहनलाल की आने वाली फिल्म L367 को अब आधिकारिक टाइटल मिल गया है. फिल्म का ऑफिशियल नाम ‘ऑपरेशन गंगा’ रखा गया है. ‘ऑपरेशन गंगा’ नाम भारत के उस रेस्क्यू मिशन पर रखा गया है, जिसे रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे हजारों छात्रों समेत भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए चलाया गया था. फिल्म की कहानी सिर्फ रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में नहीं होगी, बल्कि इसमें उन छात्रों के मुश्किल वक्त और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए सरकार की ओर से किए गए प्रयासों को भी दिखाया जाएगा.
ऑपरेशन गंगा स्टारकास्ट
फिल्म श्री गोकुलम मूवीज के बैनर तले गोकुलम गोपालन द्वारा प्रोड्यूस की जा रही है. इसमें मोहनलाल अहम भूमिका में नजर आएंगे. इसके अलावा अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री, पार्थिबन और आदिल हुसैन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव ‘ऑपरेशन गंगा’ के लिए संगीत तैयार करेंगे.
'ऑपरेशन गंगा' टीम
वहीं, फिल्म की टेक्निकल टीम की बात करें तो इसमें सिनेमैटोग्राफर मिरोस्लाव कुबा ब्रोज़ेक शामिल हैं, जो ‘पुष्पा’ और ‘पुष्पा 2’ के लिए जाने जाते हैं. इसके अलावा प्रोडक्शन डिजाइनर राजीवन भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने ‘GOAT’, ‘मेइया जगन’, ‘अमरन’ और ‘कथनार’ पर काम किया है. एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह भी फिल्म से जुड़े हैं, जो ‘धुरंधर’ और ‘किल’ के लिए जाने जाते हैं. फिल्म में गोपालन और वी. सी. प्रवीण को-प्रोड्यूसर हैं, जबकि कृष्णमूर्ति एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं.
यह भी पढ़ें- फैंस का इंतजार खत्म! OTT पर इस दिन रिलीज होगी मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’