पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. सिंगर बलजीत सिंह का निधन हो गया है. उनका शव लुधियाना स्थित उनके घर से बरामद किया गया है. वह लुधियाना में अकेले रहते थे और बीते कई दिनों से उनका परिवार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा था. इसी बीच, घर से लगातार दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सिंगर के घर की जांच की, जिसके बाद उनकी मौत का पता चला. बलजीत सिंह के निधन से इलाके में हड़कंप मच गया है.

घर में मिला शव

दरअसल, 3 सितंबर को पड़ोसियों ने पुलिस से बलजीत सिंह के घर से आ रही दुर्गंध को लेकर शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. घर के अंदर पहुंचने पर पुलिस को बलजीत सिंह का शव बेड पर बेहद खराब हालत में मिला. जानकारी के मुताबिक, शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके कारण उसकी हालत काफी खराब हो गई थी. इतना ही नहीं, सिंगर के घर में कई जगहों पर खून के निशान भी मिले, जिसके बाद पुलिस हत्या समेत कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

पुलिस जांच में जुटी

वहीं, पुलिस के अलावा फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और सीआईए की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके अलावा, आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच के लिए पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.

हार्ट अटैक से हुआ सिंगर का निधन

हालांकि, अब सिंगर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलजीत सिंह की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है. हालांकि, घर में मिले खून के निशान से पैदा हुए संदेह को देखते हुए पुलिस अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है.

सिंगर को थी नशे की लत

वहीं, पोस्टमार्टम के बाद बलजीत सिंह का शव परिवार को सौंप दिया गया है. बलजीत सिंह को लेकर कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि उन्हें नशे की लत थी, जिसका उनके म्यूजिक करियर पर काफी असर पड़ा था. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें-Zee 5 पर रिलीज होंगी ये 7 साउथ फिल्में, रोमांस से लेकर क्राइम थ्रिलर तक.. मिलेगा एंटरटेनमेंट का डबल डोज