टीवीएफ ‘पंचायत’ से लेकर ‘गुल्लक’, ‘कोटा फैक्ट्री’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ जैसी कई सफल वेब सीरीज तैयार कर चुका है. द वायरल फीवर की सबसे सफल वेब सीरीज में ‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ शामिल हैं. दोनों ही वेब सीरीज दर्शकों की पसंदीदा हैं और इन दिनों दर्शक ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन से पहले टीवीएफ ने एक नई फिल्म का ऐलान कर दिया है. यह इस बार न तो रोमांटिक, न स्टूडेंट और न ही गांव पर आधारित कहानी है, बल्कि एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म होने वाली है. हाल ही में इसका पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने इसका ऐलान किया है. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.

मेकर्स ने अनाउंस की नई मराठी फिल्म

दरअसल, टीवीएफ अपनी अलग तरह की कहानियों के लिए जाना जाता है. टीवीएफ अब तक दर्शकों को कई बेहतरीन कहानियां दे चुका है. वहीं, इस बार मेकर्स कोई हिंदी सीरीज नहीं, बल्कि मराठी फिल्म तैयार कर रहे हैं और मराठी सिनेमा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं. टीवीएफ ने ‘बयांगी - पाळायची नाही, टाळायची!’ का ऐलान किया है. मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर भी शेयर किया है, जिसमें एक नारियल नजर आ रहा है. नारियल का आकार कुछ ऐसा है कि उसमें एक बड़ी आंख दिखाई दे रही है. इसके बगल में एक दिया भी रखा हुआ है.

सिनेमाघरों में जल्द रिलीज होगी बयांगी

इस पोस्ट को शेयर करते हुए टीवीएफ ने कैप्शन में लिखा, “इच्छा पूर्ण होतील… पण किंमत चुकवावीच लागेल!” टीवीएफ मोशन पिक्चर्स गर्व से पेश करता है ‘बयांगी - पाळायची नाही, टाळायची!’, जो कोंकण की सबसे रहस्यमयी लोककथाओं में से एक पर आधारित एक अलौकिक कॉमेडी थ्रिलर है. यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

क्या होगी बयांगी की कहानी?

‘बयांगी’ की कहानी कोंकण के धुंध से घिरे गांवों के बीच एक बयांगी और चार कुंवारे लड़कों की कहानी है. ये चारों लड़के शानदार जिंदगी जीने के लिए बयांगी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता होता कि बयांगी एक तय समय-सीमा के साथ आती है और तय समय के भीतर उसे वापस करना होता है. कुछ ही समय में हालात बदल जाते हैं और कहानी डरावना मोड़ ले लेती है.बाद में लड़कों को पता चलता है कि छोटी-बड़ी हर इच्छा की कीमत उन्हें चुकानी होगी.

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

बता दें कि द वायरल फीवर द्वारा निर्मित ‘बयांगी - पाळायची नाही, टाळायची!’ का निर्देशन अभय राउत ने किया है. वह इससे पहले ‘गुल्लक सीजन 5’ का निर्देशन कर चुके हैं. फिल्म में अमेय वाघ, हार्दिक जोशी, मनमीत पेम और अविनाश खेडेकर जैसे कलाकार नजर आएंगे.

यह भी पढ़ें- Spider Man Brand New Day Collection: 11 दिनों में 400 करोड़ के पार हुई ‘स्पाइडर मैन’, संडे को किया ताबड़तोड़ कलेक्शन