भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह अक्सर अपनी फिल्मों, गानों और बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में रहती हैं, लेकिन इस बार एक्ट्रेस अपनी एक्टिंग या डांस नहीं, बल्कि छठ पूजा को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं. छठी मइया की भक्ति में डूबी अक्षरा के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो को देखने के बाद जहां कुछ लोग उनकी आस्था की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स ने उनकी पूजा करने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां तक कि एक्ट्रेस को जमकर ट्रोल भी किया जा रहा है.
छठ घाट पर अक्षरा सिंह ने दिया सूर्य को अर्घ्य
दरअसल, 15 नवंबर को पटना में छठ पूजा के दौरान अक्षरा सिंह के कई वीडियो सामने आए. इनमें एक्ट्रेस छठ के तीसरे दिन पानी में खड़े होकर पूजा के रीति-रिवाज निभाती नजर आईं. उन्होंने पारंपरिक अंदाज में साड़ी पहनी और नाक से लेकर माथे तक नारंगी रंग का सिंदूर लगाया हुआ था. अक्षरा ने छठी मइया की पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य भी दिया. उनकी भक्ति और पूजा के वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
कुंवारी अक्षरा के सिंदूर लगाने पर उठे सवाल
अक्षरा सिंह के वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई. दरअसल, एक्ट्रेस की अभी शादी नहीं हुई है. ऐसे में कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब वह कुंवारी हैं तो छठ पूजा क्यों कर रही हैं? वहीं, उनके सिंदूर लगाने को लेकर भी लोगों ने आपत्ति जताई. कुछ लोगों का कहना है कि नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा शादीशुदा महिलाओं से जुड़ी हुई है.

किसी ने कहा पब्लिसिटी स्टंट, तो किसी ने किया समर्थन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने अक्षरा को निशाने पर लिया. एक यूजर ने लिखा, ‘अविवाहित लड़कियां तो छठ पूजा नहीं करतीं, ऊपर से इन्होंने सिंदूर भी लगा रखा है. हर चीज को फिल्मी बनाना है.’
वहीं, एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि कोई अविवाहित महिला छठ पूजा कैसे कर सकती है? कुछ लोगों ने तो एक्ट्रेस पर धार्मिक आयोजन को फोटोशूट में बदलने का आरोप तक लगा दिया. एक यूजर ने कमेंट किया कि वह सिर्फ फोटोशूट करवा रही हैं.

अक्षरा के सपोर्ट में भी हैं यूजर
हालांकि, सोशल मीडिया पर हर कोई अक्षरा के खिलाफ नहीं दिखा. कई लोगों ने सवाल किया कि क्या छठ पूजा सिर्फ शादीशुदा महिलाएं ही कर सकती हैं. फिलहाल अक्षरा सिंह ने इस ट्रोलिंग पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है.
फिल्म ‘ईठा’ में आएंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षरा सिंह जल्द ही श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म ‘ईठा’ में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म में वह रतना का किरदार निभाती दिखाई देंगी. फिल्म 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. अब देखना होगा कि छठ पूजा को लेकर शुरू हुई इस बहस पर अक्षरा आगे कोई जवाब देती हैं या नहीं.