---विज्ञापन---
मुझे मारने, काटने… शादी के 10 दिन बाद ही मोनालिसा ने लगाई मदद की गुहार, हालत देख चौंके फैंस!

महाकुंभ में वायरल होकर रातों रात चर्चा में आईं मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह काफी गंभीर है. हाल ही में शादी के बंधन में बंधीं मोनालिसा ने अपने पति फरमान खान के साथ एक वीडियो शेयर कर मदद की गुहार लगाई है. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और फैंस को हैरान कर रहा है.

वीडियो में मोनालिसा और फरमान काफी परेशान नजर आ रहे हैं. दोनों का कहना है, कि उन्हें लगातार जान से मारने और काट डालने जैसी डरावनी धमकियां मिल रही हैं. मोनालिसा वीडियो में कहती हैं, 'मैं मोनालिसा भोसले हूं, और ये मेरे पति फरमान खान हैं. हम दोनों को खुलेआम मारने की धमकी दी जा रही है. प्लीज हमारी मदद कीजिए.'

कपल ने बताया कि उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर और मीडिया को मेल और पत्र के जरिए जानकारी दी है. उनका कहना है, कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर लग रहा है, और जल्द से जल्द सुरक्षा मुहैया कराई जाए.

बता दें, कि मोनालिसा और फरमान की इंटरफेथ शादी 11 मार्च 2026 को केरल के अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुई थी. इस शादी में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे, और कई लोगों ने भी कपल को आशीर्वाद दिया था. शादी के बाद दोनों ने केरल सरकार का धन्यवाद भी किया था, और कहा था, कि उन्हें वहां पूरा सपोर्ट मिला.

हालांकि, शादी के कुछ ही दिनों बाद ये कपल विवादों में घिर गया. सोशल मीडिया पर इंटरफेथ मैरिज को लेकर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा, और अब मामला धमकियों तक पहुंच गया है.

बता दें, मोनालिसा भोसले पहली बार तब चर्चा में आई थीं, जब महाकुंभ 2025 के दौरान रुद्राक्ष की माला बेचते हुए, उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं. उनकी सादगी और मुस्कान ने लोगों का दिल जीत लिया था. जिसके बाद उन्हें वायरल गर्ल के नाम से पहचान मिली.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा और फरमान खान की मुलाकात एक फिल्म प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी. दोस्ती से शुरू हुआ ये रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदला और फिर दोनों ने शादी करने का फैसला किया. अब इस वायरल वीडियो के बाद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स कपल की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं.