---विज्ञापन---
बॉलीवुड का वो मनहूस टाइटल, जिसके नाम पर बनीं कई फिल्में; हर मूवी हुई फ्लॉप

बॉलीवुड में कई ऐसे इत्तेफाक हैं जो किसी रहस्य से कम नहीं हैं. फिल्म इंडस्ट्री में वैसे तो कई हिट टाइटल दोहराए जाते हैं, लेकिन एक शब्द ऐसा है जिसे फिल्म जगत में 'मनहूस' माना जाने लगा है. यह शब्द है 'कर्ज'. ताज्जुब की बात यह है कि जब-जब इस नाम या इस शब्द से जुड़ी फिल्में बनीं, बॉक्स ऑफिस पर उनका हश्र बहुत बुरा हुआ.

ऋषि कपूर की 'कर्ज' भी रही थी फ्लॉप- सुभाष घई के निर्देशन में बनी फिल्म 'कर्ज' (1980) आज भले ही अपने गानों और कहानी के लिए 'कल्ट क्लासिक' मानी जाती हो, लेकिन जब यह रिलीज हुई थी, तब बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई थी. ऋषि कपूर और टीना मुनीम स्टारर यह फिल्म उसी साल रिलीज हुई 'कुर्बानी' की लहर में बह गई और अपनी लागत तक नहीं निकाल पाई थी.

हिमेश रेशमिया का रीमेक बना 'डिजास्टर'- साल 2008 में जब सिंगर और एक्टर हिमेश रेशमिया ने ऋषि कपूर की इसी फिल्म का रीमेक बनाया, तो उसे कर्ज' (Karzzzz) नाम दिया गया. इस फिल्म का हश्र ऑरिजनल से भी बुरा हुआ. फिल्म को दर्शकों ने सिरे से नकार दिया और यह बॉलीवुड की बड़ी 'डिजास्टर' फिल्मों में शुमार हो गई.

सनी देओल और 'कर्ज' का फेर- एक्शन स्टार सनी देओल ने भी इस टाइटल के साथ अपनी किस्मत आजमाई थी. साल 2002 में सनी देओल और शिल्पा शेट्टी की फिल्म 'कर्ज: द बर्डन ऑफ ट्रुथ' रिलीज हुई. भारी-भरकम एक्शन और स्टार पावर के बावजूद यह फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में नाकाम रही और फ्लॉप साबित हुई.

टाइटल में 'कर्ज' जुड़ा, तो फिल्म डूबी- सिर्फ 'कर्ज' ही नहीं, बल्कि जिन भी फिल्मों के नाम में यह शब्द आया, वे ज्यादातर असफल रहीं. इस लिस्ट में 'प्यार का कर्ज', 'दूध का कर्ज', 'कर्ज चुकाना है', 'महान कर्ज' और 'कर्ज तेरे खून का' जैसी फिल्में शामिल हैं. इनमें से लगभग हर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी.

एक्टर राज किरण की दुखद दास्तां- इस टाइटल की सबसे बड़ी त्रासदी अभिनेता राज किरण के साथ जुड़ी है. ऋषि कपूर की 'कर्ज' में उन्होंने पिछले जन्म के नायक का किरदार निभाया था. फिल्म के फ्लॉप होने और करियर के उतार-चढ़ाव के कारण वे गहरे डिप्रेशन का शिकार हो गए. एक वक्त ऐसा आया कि वे फिल्म इंडस्ट्री से पूरी तरह गायब हो गए और बाद में उनके मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में होने की खबरें सामने आईं.