---विज्ञापन---
भारत में मिली शोहरत, अब ईरान लौटने की चाह, खामेनेई की मौत के बाद वतन वापसी पर बोलीं ये एक्ट्रेस- ‘मुझे सपोर्ट नहीं मिला…’

Actress On Iran Israel War: ईरान में जन्मी और भारत में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस मंदाना करीमी इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने हाल ही में कहा है, कि वो अब अपने वतन ईरान लौटना चाहती हैं. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मंदाना ने वहां के हालात और अपने पर्सनल एक्सपीरियंस को लेकर खुलकर बात की है.

एक इंटरव्यू में मंदाना करीमी ने बताया, कि उनका पूरा परिवार अभी भी ईरान में रहता है. हालांकि, उनसे बातचीत करना बेहद मुश्किल हो गया है. कभी-कभी कुछ मिनटों या सेकंड्स के लिए ही कॉल हो पाती है, क्योंकि वहां अकसर कम्युनिकेशन ब्लैकआउट जैसी स्थिति रहती है.

इस दौरान मंदाना ने बताया, कि ईरान में सालों से लोग कठिन हालात में जी रहे हैं. उन्होंने अपने बचपन का एक दर्दनाक किस्सा भी शेयर किया. एक्ट्रेस के मुताबिक, जब वो सिर्फ 14 साल की थीं, तब उन्हें जेल भी जाना पड़ा था. उसी घटना के बाद उन्होंने ईरान छोड़ने का फैसला किया, और बाद में भारत आकर अपने करियर की शुरुआत की.

एक्सट्रेस ने ईरान की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, कि कई लोग उम्मीद कर रहे हैं, कि अब देश में बदलाव आएगा. उनके मुताबिक अगर खामेनेई की जगह कोई और नेता आता भी है, तो जरूरी नहीं, कि हालात बदल जाएं. मंदाना का मानना है, कि ईरान के लोगों को अब एक नई दिशा की जरूरत है.

भारत में अपने सफर को याद करते हुए, मंदाना ने कहा, कि इस देश ने उन्हें बहुत कुछ दिया है. यहां उन्हें सुरक्षा, काम और पहचान मिली. उन्होंने हिंदी सीखी, यहां की संस्कृति को समझा और अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा भारत में बिताया.

हालांकि, उन्होंने ये भी कहा, कि जब उन्होंने ईरान के हालात को लेकर आवाज उठाने की कोशिश की, तो उन्हें वैसा समर्थन नहीं मिला, जैसी उम्मीद थी. एक्ट्रेस के मुताबिक वो भारत में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली.

मंदाना ने कहा, कि वो खुद को एक ऐसी ईरानी महिला मानती हैं, जिसने उस व्यवस्था को करीब से देखा है, और उसकी वजह से अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा खोया है. इसके बावजूद वो मानती हैं, कि भारत ने उन्हें नई जिंदगी दी, जिसके लिए वो खुद को बेहद खुशकिस्मत समझती हैं.