---विज्ञापन---
मैं गलत नहीं… खामेनेई को लेकर इस एक्ट्रेस का फूटा गुस्सा, बोलीं- ‘वो नरक में…’

Iran Israel War: ईरान में जन्मी और भारत में अपना करियर बनाने वाली एक्ट्रेस इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने ईरान की राजनीतिक स्थिति और वहां महिलाओं की हालत पर खुलकर बात की है, साथ ही ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को लेकर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए जो कुछ बताया वो रुह कंपाने वाला है.

दरअसल, मिडिल ईस्ट में इस समय तनाव का माहौल है. इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए गए, जिसके जवाब में ईरान ने भी पलटवार किया. इन घटनाओं के बीच अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई. इस खबर के बाद दुनियाभर में अलग-अलग रिएक्शन्स देखने को मिल रहे हैं.

जहां कुछ जगहों पर मातम मनाया गया, वहीं कई ईरानी महिलाओं ने उनकी मौत पर खुशी भी जताई. इसी बीच भारत में काम कर रहीं ईरानी मूल की एक्ट्रेस मंदाना करीमी और एलनाज नौरोजी ने भी इस खबर पर अपना रिएक्शन दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया.

हाल ही में एक इंटरव्यू में मंदाना करीमी ने बताया, कि आखिर कई ईरानी महिलाएं खामेनेई की मौत पर खुश क्यों हैं? उन्होंने कहा कि ईरान में महिलाओं की जिंदगी काफी मुश्किल है. एक महिला के तौर पर वहां खुलकर बोलने की आजादी नहीं होती. क्या पहनना है, क्या नहीं पहनना है... इस पर भी सख्त नियम हैं.

मंदाना ने आगे कहा, कि महिलाओं की पढ़ाई-लिखाई पर भी कई तरह की पाबंदियां हैं. कुछ कोर्स ऐसे हैं, जिन्हें महिलाएं कर ही नहीं सकतीं. इसके अलावा कम उम्र में शादी जैसी चीजें भी वहां आम हैं. उनके मुताबिक, 'ईरान में एक औरत के तौर पर जिंदगी आसान नहीं है.'

एक्ट्रेस ने अपने पर्सनल एक्सपीरियंस भी शेयर किए. उन्होंने बताया, कि खामेनेई के शासन के दौरान हालात इतने मुश्किल हो गए थे, कि 18 साल की उम्र में उन्हें लगा, कि अब वहां रहना संभव नहीं है. इसी वजह से उन्होंने ईरान छोड़कर बाहर अपना करियर बनाने का फैसला किया.

खामेनेई की मौत पर बोलते हुए, मंदाना ने कहा कि बहुत से लोग, खासकर ईरान की महिलाएं, इस खबर से खुश हैं. उन्होंने आरोप लगाया, कि सालों से लोगों ने उनके शासन में काफी जुल्म झेले हैं. मंदाना ने साफ शब्दों में कहा, 'मैं उसके बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहती. बस यही दुआ है, कि वो नरक में जले.'

बता दें, कि मंदाना करीमी को भारत में पहचान 'बिग बॉस 9' से मिली थी. इसके बाद उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया. हालांकि, हालिया हालातों के बाद वो अपने देश ईरान लौटने की इच्छा भी जता चुकी हैं.