---विज्ञापन---
Netflix पर आते ही ट्रेंड करने लगी 5 एपिसोड की ये दमदार सीरीज, सीधे नंबर 1 पर किया कब्जा

Trending Web series On Netflix: ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर हर हफ्ते कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन इनमें से कुछ ही ऐसी होती हैं, जो रिलीज होते ही दर्शकों के दिलों पर राज करने लगती हैं. इन दिनों नेटफ्लिक्स पर एक नई बायोग्राफिकल ड्रामा सीरीज ने आते ही धूम मचा दी है. सिर्फ 5 एपिसोड की इस सीरीज ने रिलीज के 24 घंटे के अंदर ही नंबर 1 पर ट्रेंड करना शुरू कर दिया, और लगातार चर्चा में बनी हुई है.

ये सीरीज 6 मार्च को Netflix पर रिलीज हुई थी, और आते ही दर्शकों की पसंद बन गई. दिलचस्प बात ये है, कि कम एपिसोड होने के बावजूद इसकी कहानी इतनी दमदार और इंस्पिरेशनल है, कि लोग इसे एक ही बार में देखने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं.

इस वेब सीरीज की कहानी एक ऐसे टीचर की जिंदगी पर आधारित है, जिसने अपने बड़े सपने को सच करने के लिए कठिन रास्ता चुना. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लाखों बच्चों को बेहतर एजुकेशन देने का मिशन शुरू किया. खास बात ये है, कि जिन बच्चों के लिए महंगी कोचिंग और पढ़ाई सिर्फ एक सपना हुआ करती थी, उनके लिए इस टीचर ने उम्मीद की नई राह खोल दी.

सीरीज में दिखाया गया है, कि कैसे छोटे से शहर से निकलकर एक साधारण टीचर ने अपने विजन और मेहनत के दम पर लाखों स्टूडेंट्स की जिंदगी बदल दी. उनकी कहानी सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और सपनों को सच करने की मिसाल भी है.

दरअसल, ये सीरीज मशहूर ऑनलाइन एजुकेशन प्लेटफॉर्म Physics Wallah के फाउंडर Alakh Pandey की जिंदगी से प्रेरित है. इस सीरीज का नाम Hello Bachhon है, जिसमें उनकी जर्नी को बेहद दिलचस्प तरीके से दिखाया गया है.

सीरीज में विनीत कुमार सिंह ने अलख पांडे का किरदार निभाया है. उनकी दमदार एक्टिंग को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं. उनके साथ सीरीज में गिरिजा ओक और विक्रम कोचर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.

इस सीरीज को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. IMDb पर इसे 8.4 की शानदार रेटिंग मिली है, जो किसी भी नई वेब सीरीज के लिए काफी बड़ी बात मानी जाती है. सीरीज के क्रिएटर अभिषेक यादव हैं, जिन्होंने इस कहानी को सरल और भावनात्मक अंदाज में पेश किया है.

बहरहाल, कम एपिसोड और मजबूत कहानी की वजह से Hello Bachhon इस समय ओटीटी पर सबसे ज्यादा चर्चा में बनी हुई है. अगर आप प्रेरणादायक और सच्ची घटनाओं पर आधारित कहानियां देखना पसंद करते हैं, तो ये सीरीज आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.