---विज्ञापन---
राजपाल यादव के लिए फरिश्ता बना ये शख्स! 1 करोड़ 11 लाख रुपए देने का किया ऐलान, क्या अब उतर जाएगा सारा कर्ज?

राजपाल यादव ने सालों तक अपनी कॉमेडी से करोड़ों चेहरों पर मुस्कान बिखेरी है, लेकिन आज वह खुद एक कानूनी और आर्थिक संकट के कारण जेल की सलाखों के पीछे हैं. सरेंडर से पहले उनका भावुक बयान कि "कोई दोस्त साथ नहीं है", सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इस संदेश ने न केवल उनके फैंस, बल्कि बड़े निर्माताओं और हस्तियों के दिल को भी झकझोर दिया है. सोनू सूद और तेज प्रताप यादव के बाद इसी कड़ी में इंद्रजीत सिंह ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए राजपाल यादव के लिए एक करोड़ से अधिक की सहायता राशि देने का फैसला किया है.

इंद्रजीत सिंह ने की 1 करोड़ 11 लाख की मदद- जैम ट्यून्स (Gem Tunes) के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से राजपाल यादव के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने जैम ट्यून्स फैमिली की ओर से राजपाल यादव को ₹1,11,00,000/- (एक करोड़ ग्यारह लाख रुपये) की बड़ी आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इंद्रजीत सिंह ने उन्हें एक सच्चा इंसान और महान कलाकार बताते हुए इस दुख की घड़ी में साथ खड़े होने का संकल्प लिया है.

लीगल टीम भी हुई सक्रिय- इंद्रजीत सिंह ने सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि कानूनी सहायता का भी वादा किया है. उन्होंने बताया कि उनकी 'ई-विजन' की लीगल टीम इस मामले में लग गई है. यह टीम राजपाल यादव के केस का अध्ययन करेगी ताकि उन्हें कानूनी रूप से इस उलझन से बाहर निकाला जा सके. यह कदम राजपाल के लिए जेल से बाहर आने का रास्ता साफ कर सकता है.

देशवासियों से भी की भावुक अपील- इंद्रजीत सिंह ने अपने संदेश में समस्त भारतवासियों से विनम्र अपील की है कि वे भी आगे आएं और अपनी क्षमता के अनुसार राजपाल यादव की मदद करें. उन्होंने कहा कि यह समय कलाकार को संबल देने का है ताकि उनका परिवार इस कठिन समय से उबर सके.

क्यों जेल में हैं राजपाल यादव?- राजपाल यादव ने साल 2010 में एक फिल्म के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. कर्ज चुकाने के लिए दिए गए चेक बार-बार बाउंस होने के कारण मामला कोर्ट में चला गया. राशि जमा न कर पाने के कारण कोर्ट के आदेश पर राजपाल यादव ने बीते गुरुवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था.

बढ़ता जा रहा है समर्थन का कारवां- राजपाल यादव के लिए अब मदद का कारवां बड़ा होता जा रहा है. सोनू सूद ने उन्हें अपनी फिल्म में साइनिंग अमाउंट के साथ काम देने का वादा किया है, वहीं तेज प्रताप यादव ने भी 11 लाख की मदद की बात कही है. अब इंद्रजीत सिंह की करोड़ों की सहायता ने साबित कर दिया है कि राजपाल यादव इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं.