---विज्ञापन---
फिल्म इंडस्ट्री का वो सुपरस्टार, जिसके नाम है सबसे ज्यादा अभिनेत्रियों के साथ काम करने का रिकॉर्ड

जब बात साल में सबसे ज्यादा फिल्में करने की आती है, तो अक्सर लोगों के दिमाग में अक्षय कुमार का नाम आता है. लेकिन भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक ऐसा अभिनेता भी रहा है, जिसके रिकॉर्ड के आस-पास पहुंचना आज के किसी भी सुपरस्टार के लिए नामुमकिन है. वहीं इन्होंने सबसे ज्यादा एक्ट्रेस के साथ काम किया. दरअसल हम बात कर रहे हैं मलयालम सिनेमा के 'एवरग्रीन' सुपरस्टार प्रेम नजीर की.

900 फिल्में और 700 में लीड रोल- प्रेम नजीर का फिल्मी करियर किसी चमत्कार से कम नहीं है. उन्होंने अपने पूरे जीवन में लगभग 900 फिल्मों में अभिनय किया. इनमें से सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 700 से ज्यादा फिल्मों में वे मुख्य अभिनेता (Lead Hero) के तौर पर नजर आए. यह एक ऐसा कीर्तिमान है जिसे 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में भी जगह मिली है.

40 डबल रोल और 85 हीरोइनें- प्रेम नजीर के नाम केवल फिल्मों की संख्या का ही रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि उन्होंने अपने करियर में 40 फिल्मों में डबल और ट्रिपल रोल भी निभाए. इसके अलावा, उन्होंने अपने पूरे फिल्मी सफर में 85 अलग-अलग अभिनेत्रियों के साथ स्क्रीन शेयर की, जो अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है.

एक साल में 39 फिल्मों का धमाका- जहां आज के बड़े सितारे साल में 1 या 2 फिल्में बड़ी मुश्किल से कर पाते हैं, वहीं प्रेम नजीर के करियर में कुछ साल ऐसे भी रहे जब उनकी 39-39 फिल्में रिलीज हुईं. इतनी व्यस्तता के बावजूद उनकी एक्टिंग की सादगी और गहराई कभी कम नहीं हुई, यही कारण था कि दर्शक उन्हें हर फिल्म में देखना पसंद करते थे.

अब्दुल खादिर से 'प्रेम नजीर' बनने का सफर- बहुत कम लोग जानते हैं कि इस महान कलाकार का असली नाम अब्दुल खादिर था. साल 1952 में फिल्म 'मरूमकल' से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की. उनकी अगली फिल्म 'विसाप्पिंटे विली' ने उन्हें रातों-रात घर-घर में मशहूर कर दिया और इसी दौरान उन्हें 'प्रेम नजीर' नाम मिला, जो बाद में उनकी असली पहचान बन गया.

मलयालम सिनेमा को दिलाई वैश्विक पहचान- प्रेम नजीर को मलयालम फिल्म इंडस्ट्री का स्तंभ माना जाता है. उन्होंने न केवल व्यावसायिक फिल्में कीं, बल्कि अपनी रियलिस्टिक एक्टिंग से क्षेत्रीय सिनेमा को पूरी दुनिया में सम्मान दिलाया. उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण और पद्म श्री जैसे उच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा.