---विज्ञापन---
हर तरफ आदित्य धर का जलवा! ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर नंबर 1, ‘धुरंधर’ ने OTT पर बनाया ये रिकॉर्ड

Netflix India Records Film: बॉलीवुड में इन दिनों अगर किसी एक नाम का सबसे ज्यादा जलवा है, तो वो हैं आदित्य धर. उनकी 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी बॉक्स ऑफिस और OTT दोनों प्लेटफॉर्म पर इतिहास रचती नजर आ रही है. जहां एक तरफ 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, वहीं इसका पहला पार्ट OTT पर रिकॉर्ड तोड़ व्यूज बटोर चुका है.

रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' तीसरे हफ्ते में भी शानदार पकड़ बनाए हुए है. आमतौर पर फिल्मों की कमाई तीसरे हफ्ते तक धीमी पड़ जाती है, लेकिन इस फिल्म का क्रेज अभी भी कायम है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के 21वें दिन फिल्म ने करीब 7.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.

इसके साथ ही फिल्म का कुल इंडियन कलेक्शन 1000 करोड़ के पार पहुंच चुका है. वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने 1600 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है. हिंदी कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म 977 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी है, और जल्द ही 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है.

अगर ऐसा होता है, तो ये हिंदी सिनेमा के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड होगा. मेकर्स के ऑफिशियल आंकड़े भी इस बात की पुष्टि करते हैं, कि फिल्म तेजी से इस बड़े माइलस्टोन की तरफ बढ़ रही है.

सिर्फ थिएटर्स ही नहीं, 'धुरंधर' का पहला पार्ट OTT पर भी धमाल मचा रहा है. Netflix पर रिलीज हुई इस फिल्म को पहले 10 हफ्तों में लगभग 31 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. खास बात ये है, कि ये आंकड़ा उसी समय में RRR को मिले व्यूज से भी ज्यादा बताया जा रहा है, जो अब तक सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल रही है.

इस तरह 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने एक साथ बॉक्स ऑफिस और OTT दोनों पर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है. फिल्म की बढ़ती पॉपुलैरिटी को देखकर ये कहना गलत नहीं होगा, कि जब 'धुरंधर 2' OTT पर रिलीज होगी, तब वो भी नए रिकॉर्ड बना सकती है.

बहरहाल, सभी की नजर इस बात पर टिकी है, कि 'धुरंधर 2' ने 1000 करोड़ का आंकड़ा तो पार कर लिया है, और आगे कौन-कौन से रिकॉर्ड तोड़कर नए रिकॉर्ड बनाने वाली है, लेकिन इतना तो कहा जा सकता है, कि फिल्म ने हिंदी सिनेमा में एक नया इतिहास जरूर रच दिया है.