---विज्ञापन---
क्या Toxic की तरह बदली जाएगी Dhurandhar 2 की भी रिलीज डेट? जानिए क्या है पूरा गणित

Toxic Vs Dhurandhar 2: हाल ही में जब से फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज डेट बदली गई है, तब से इंडस्ट्री में अटकलों का बाजार गर्म है. सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है, कि क्या 'धुरंधर 2' भी उसी राह पर चलेगी या फिर अपने तय शेड्यूल पर ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी? आइए, पूरे गणित को आसान भाषा में समझते हैं...

'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने अचानक बड़ा फैसला लेते हुए इसकी नई रिलीज डेट 6 जून तय कर दी. इसके पीछे की वजह सिर्फ बॉक्स ऑफिस क्लैश नहीं, बल्कि इंटरनेशनल हालात बताए जा रहे हैं.

दरअसल, यूएस, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव और वॉर सिचुएशन का असर गल्फ कंट्रीज पर भी पड़ा है. मेकर्स को लगा कि इन हालात में वहां फिल्म को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिलेगा, जैसा आमतौर पर मिलता है. क्योंकि साउथ फिल्मों की गल्फ देशों में अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है, इसलिए नुकसान से बचने के लिए रिलीज को आगे सरकाना बेहतर समझा गया.

यहीं से कहानी दिलचस्प हो जाती है. 'धुरंधर 2' को लेकर इंडस्ट्री सूत्रों की मानें तो मेकर्स फिलहाल बिल्कुल निश्चिंत हैं. वजह साफ है, 'धुरंधर' का पहला पार्ट ही गल्फ कंट्रीज में बैन किया गया था. अब जब पहला भाग वहां रिलीज ही नहीं हुआ, तो सीक्वल से वहां के बॉक्स ऑफिस की उम्मीद करना भी बेकार है. ऐसे में इंटरनेशनल सिचुएशन का 'धुरंधर 2' की कमाई पर कोई खास असर पड़ने वाला नहीं है.

'धुरंधर 2' के मेकर्स का पूरा जोर इंडियन मार्केट पर है. फिल्म का टारगेट ऑडियंस घरेलू दर्शक हैं, और एडवांस प्लानिंग उसी हिसाब से की गई है. यही वजह है, कि फिल्म अपनी पहले से तय रिलीज डेट पर ही सिनेमाघरों में आने वाली है.

सरल शब्दों में कहें तो 'टॉक्सिक' और 'धुरंधर 2' की स्थिति बिल्कुल अलग है. जहां 'टॉक्सिक' ने इंटरनेशनल फैक्टर को देखते हुए रिलीज टाल दी, वहीं 'धुरंधर 2' को ऐसा कोई डर नहीं है.

अब देखना दिलचस्प होगा, कि बदली हुई तारीख पर 'टॉक्सिक' बॉक्स ऑफिस पर क्या कुछ कमाल दिखा पाती है, और 'धुरंधर 2' अपनी तय डेट पर दर्शकों को कितना एंटरटेन करती है.