---विज्ञापन---
‘धुरंधर 2’ से छाने वाले जमील जमाली पहली बार नहीं बने स्पाई, सालों पहले भी जासूस बन लोगों को चौंकाया, यंग राकेश बेदी का ये स्टाइल देखा क्या?

Dhurandhar 2 Rakesh Bedi: 'धुरंधर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, लेकिन फिल्म के लीड स्टार रणवीर सिंह से ज्यादा चर्चा एक सीनियर एक्टर की हो रही है, और वो हैं, राकेश बेदी. फिल्म में उनका किरदार जमील जमाली दर्शकों को चौंका रहा है, खासकर क्लाइमैक्स में आए बड़े ट्विस्ट की वजह से.

दिलचस्प बात ये है, कि राकेश बेदी का जासूस अंदाज पहली बार नहीं दिखा. सोशल मीडिया पर इन दिनों उनकी करीब 33 साल पुरानी फिल्म 'तिरंगा' का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस फिल्म में बेदी ने खबरीलाल का रोल निभाया था, जो दुश्मनों की जानकारी फोन पर राज कुमार के किरदार ब्रिगेडियर सूर्यदेव को देता है.

वायरल वीडियो में राकेश बेदी का वही अंदाज सीक्रेट जानकारी पहुंचाना देखकर फैंस हैरान हैं, और इसे 'धुरंधर 2' के उनके किरदार से जोड़ रहे हैं. सोशल मीडिया पर यूजर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. कोई उन्हें पैदाइशी जासूस बता रहा है, तो कोई कह रहा है, कि इनकी ट्रेनिंग तो ब्रिगेडियर सूर्यदेव से हुई है.

'धुरंधर 2' में राकेश बेदी का किरदार शुरुआत में एक साधारण और थोड़ा मजाकिया लगता है. जमील जमाली को एक भ्रष्ट पाकिस्तानी नेता के रूप में दिखाया गया है, जिसके अपराधियों से संबंध होते हैं. कहानी में उनकी बेटी यलीना की शादी हमजा (रणवीर सिंह) से होती है, और इसी रिश्ते की आड़ में जासूसी खेल चलता रहता है.

लेकिन फिल्म के अंत में बड़ा ट्विस्ट आता है. जमील जमाली असल में भारतीय एजेंट निकलता है, और हमजा की मदद करता है. यही खुलासा दर्शकों को चौंका देता है, और राकेश बेदी के किरदार को फिल्म का सबसे मजबूत हिस्सा बना देता है.

फिल्म की कमाई भी चर्चा में है. 'धुरंधर 2' ने भारत में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है, जबकि दुनियाभर में ये आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. फिल्म में अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.

बहरहाल, 'धुरंधर 2' ने जहां एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े हैं, वहीं राकेश बेदी ने अपने पुराने और नए जासूस अवतार से फैंस का दिल जीत लिया है.