Thursday, 26 March, 2026

---विज्ञापन---

‘धुरंधर 2’ के इस एक्टर के पास अपनी ही फिल्म देखने के लिए नहीं हैं 500 रुपये, कहा- ‘2500 ही बचा पाते हैं’

रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई कर इतिहास रच रही है, लेकिन इस भव्य सफलता के पीछे एक ऐसा कड़वा सच भी छिपा है जो दिल को झकझोर देता है. फिल्म के एक अहम सीन का हिस्सा रहे एक अभिनेता के पास आज अपनी ही फिल्म देखने के लिए टिकट के पैसे नहीं हैं.

फिल्म का चर्चित 'ऑटो ड्राइवर'- फिल्म के अंत में एक बेहद भावुक सीन है, जहां मुख्य किरदार जसकीरत सिंह रांगी (रणवीर सिंह) को एक ऑटो ड्राइवर उनके घर तक छोड़कर जाता है. इस छोटे से लेकिन प्रभावी रोल ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. सोशल मीडिया पर इस ऑटो ड्राइवर के वीडियो वायरल हो रहे हैं, लेकिन असल जिंदगी में उनकी स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण है.

कौन हैं बदरुल इस्लाम?- इस किरदार को निभाने वाले एक्टर का नाम बदरुल इस्लाम है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की भारी सफलता के बावजूद बदरुल ने अब तक इसे सिनेमाघर में नहीं देखा है. उन्होंने बड़ी सादगी से स्वीकार किया कि फिलहाल फिल्म की टिकटें उनके बजट से बाहर हैं.

500 रुपये की टिकट और मजबूरी- बदरुल ने एक इंटरव्यू में बताया, "मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है क्योंकि टिकट 500 रुपये की है. जब टिकट के दाम थोड़े कम हो जाएंगे, तब मैं इसे देखूंगा." एक ऐसे एक्टर के लिए, जिसने खुद उस फिल्म में काम किया हो, अपनी ही कला को पर्दे पर देखने के लिए इंतजार करना वाकई विडंबनापूर्ण है.

"महीने में सिर्फ 2500 रुपये ही बचा पाते हैं"- जब बदरुल से पूछा गया कि क्या उनके बच्चों ने फिल्म देखने की जिद नहीं की, तो उन्होंने भावुक कर देने वाला जवाब दिया. उन्होंने कहा, "बच्चों ने कहा था, लेकिन मैंने उन्हें समझाया कि हम 5 लोग हैं. अगर 500 की टिकट लेंगे तो 2500 रुपये खर्च हो जाएंगे. हम पूरे महीने में मुश्किल से 2500 रुपये बचा पाते हैं. बच्चे समझ गए हैं, वे थोड़ा और इंतजार कर लेंगे."

सोशल मीडिया पर वायरल हुई सच्चाई- बदरुल इस्लाम की यह ईमानदारी और सादगी इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रही है. जहां फिल्म 500-600 करोड़ का बिजनेस कर रही है, वहीं एक सह-कलाकार का अपनी बचत और परिवार की जरूरतों के बीच फिल्म देखने को टाल देना, फिल्म इंडस्ट्री के दूसरे पहलू को उजागर करता है.

First published on: Mar 26, 2026 04:40 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.