Saturday, 21 March, 2026

---विज्ञापन---

दाऊद से लेकर अतीक अहमद और नवाज शरीफ तक… ‘धुरंधर 2’ में किस एक्टर ने निभाया कौन सा किरदार?

'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने 19 मार्च को रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है. इस फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसके वे किरदार हैं जो असल जिंदगी के विवादित और ताकतवर चेहरों से प्रेरित हैं. फिल्म में अंडरवर्ल्ड से लेकर राजनीति तक के किरदारों को जिस बखूबी से ढाला गया है, उसने दर्शकों को हैरान कर दिया है.

रणवीर सिंह (जसकीरत सिंह रांगी / हमजा)- फिल्म के मुख्य नायक रणवीर सिंह इस बार 'हमजा' के अपने सबसे खूंखार अवतार में लौटे हैं. पहले पार्ट में वे एक शागिर्द थे, लेकिन 'धुरंधर 2' में वे ल्यारी के राजा बनकर दुश्मनों के छक्के छुड़ाते नजर आ रहे हैं. उनका यह किरदार एक जासूस के बलिदान और बदले की कहानी को नई ऊंचाई पर ले गया है.

दानिश इकबाल (दाऊद इब्राहिम का अवतार)- फिल्म के सबसे बड़े रहस्य 'बड़े साहब' की पहचान से इस बार पर्दा उठ गया है. एक्टर दानिश इकबाल ने 'बड़े साहब' का किरदार निभाया है, जो सीधे तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से प्रेरित है. उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की हर तरफ चर्चा हो रही है.

सलीम सिद्दीकी (अतीक अहमद से प्रेरित - आतिफ अहमद)- फिल्म में एक नई और दमदार एंट्री हुई है सलीम सिद्दीकी की. उन्होंने आतिफ अहमद का किरदार निभाया है, जो कुख्यात माफिया और नेता अतीक अहमद की याद दिलाता है. उत्तर प्रदेश की राजनीति और अपराध के उस खौफनाक दौर को सलीम ने पर्दे पर बखूबी उतारा है.

मशनूर अमरोही (नवाज शरीफ से प्रेरित - नवाब शफीक)- फिल्म में अंतरराष्ट्रीय राजनीति का तड़का लगाने के लिए मशनूर अमरोही को नवाब शफीक के रोल में लाया गया है. उनका यह किरदार पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर आधारित है. मशनूर का लुक नवाज शरीफ से इतना मिलता-जुलता है कि दर्शक एक पल के लिए धोखा खा जाएं.

आर माधवन (अजित डोभाल से प्रेरित - अजय सान्याल)- आईबी डायरेक्टर अजय सान्याल के रूप में आर माधवन ने शानदार वापसी की है. उनका शांत लेकिन तेज-तर्रार किरदार भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल के व्यक्तित्व की झलक देता है, जो पर्दे पर रणनीतियों का जाल बुनते दिखते हैं.

राकेश बेदी (नबील गबोल से प्रेरित - जमील जमाली)- दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ने पाकिस्तान के राजनेता और नेशनल असेंबली के सदस्य जमील जमाली का किरदार निभाया है. उनका यह रोल पाकिस्तानी नेता नबील गबोल पर आधारित है, जो फिल्म में पड़ोसी देश की भीतरी राजनीति के पेचीदा पहलुओं को उजागर करता है.

First published on: Mar 19, 2026 06:38 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.