Wednesday, 4 March, 2026

---विज्ञापन---

बॉलीवुड का वो एक्टर, जो कभी था नेशनल क्रश; एक साथ मिलीं 40 फिल्में और फिर लोग कहने लगे ‘मनहूस’

साल 2000 में आई फिल्म ‘मोहब्बतें’ के 'समीर' तो आपको याद ही होंगे? मासूम चेहरा और कातिल मुस्कान वाले जुगल हंसराज ने उस दौर में लाखों लड़कियों का दिल चुरा लिया था. बाल कलाकार के रूप में 'मासूम' से सफर शुरू करने वाले जुगल को करियर के पीक पर 40 फिल्में ऑफर हुईं, लेकिन किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि उन्हें इंडस्ट्री में 'मनहूस' तक कहा जाने लगा. आज जुगल न्यूयॉर्क में अपनी जिंदगी बिता रहे हैं, लेकिन उनकी नीली आंखों का जादू और उनके संघर्ष की दास्तां आज भी फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है.

'मासूम' से बाल कलाकार की शुरुआत- जुगल हंसराज ने महज 10 साल की उम्र में 1983 की क्लासिक फिल्म 'मासूम' से अपने करियर का आगाज किया था. नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी जैसे दिग्गजों के बीच अपनी मासूमियत से उन्होंने सबका ध्यान खींचा. पूर्व क्रिकेटर प्रवीण हंसराज के बेटे होने के बावजूद उन्होंने पिच की जगह कैमरे को चुना और अपनी एक अलग पहचान बनाई.

'मोहब्बतें' और नेशनल क्रश का टैग- बतौर लीड एक्टर जुगल को असली पहचान साल 2000 में आदित्य चोपड़ा की फिल्म 'मोहब्बतें' से मिली. समीर शर्मा के किरदार में जुगल इतने फिट बैठे कि वे रातों-रात स्टार बन गए. फिल्म में अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे बड़े सितारों के होने के बावजूद जुगल और किम शर्मा की केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया था.

40 फिल्में साइन की, पर पड़ा 'मनहूस' का ठप्पा- 'मोहब्बतें' की सफलता के बाद जुगल के पास फिल्मों की लाइन लग गई. उन्होंने एक साथ 40 फिल्में साइन की थीं. लेकिन बदकिस्मती से इनमें से ज्यादातर फिल्में या तो शुरू ही नहीं हो पाईं या बीच में ही डिब्बा बंद हो गईं. इसी वजह से बॉलीवुड के गलियारों में उन्हें 'मनहूस' तक कहा जाने लगा, जो किसी भी कलाकार के लिए बेहद दर्दनाक था.

किस्मत और सकारात्मक सोच- लगातार फिल्में फ्लॉप होने या बंद होने के बावजूद जुगल कभी टूटे नहीं. उन्होंने इन तानों को दिल से नहीं लगाया और हमेशा माना कि "जो किस्मत में होता है, वही मिलता है." उन्होंने अभिनय के साथ-साथ निर्देशन (जैसे 'रोडसाइड रोमियो' और 'प्यार इम्पॉसिबल') और लेखन के क्षेत्र में भी हाथ आजमाया और अपनी प्रतिभा साबित की.

इब्राहिम अली खान के साथ वापसी और ट्रोलिंग- लंबे समय बाद जुगल हंसराज ने सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान की फिल्म 'नादानियां' से स्क्रीन पर वापसी की. हालांकि, फिल्म को उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला और कहानी व अभिनय को लेकर जुगल को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा. फिलहाल जुगल अपनी पत्नी जैस्मीन के साथ न्यूयॉर्क में रहते हैं, लेकिन काम के लिए भारत आते रहते हैं.

First published on: Mar 02, 2026 06:37 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.