---विज्ञापन---
आशा भोसले के निधन से सदमे में बॉलीवुड, सितारों ने दी नम आंखों से श्रद्धांजलि, बोले- ‘आप हैं, तो…’

Asha Bhosle Death: हिंदी सिनेमा की दिग्गज और सुरों की मलिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. 92 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, और उनके जाने से म्यूजिक इंडस्ट्री में एक ऐसा सन्नाटा छा गया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा. दशकों तक अपनी आवाज से हर भावना को जीवंत करने वाली आशा जी ने अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ी है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी इंसपायर्ड करती रहेगी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशा भोसले को 11 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें चेस्ट इंफेक्शन था, और उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. वो ICU में थीं, लेकिन 12 अप्रैल को उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद खबर की पुष्टि की. उन्होंने बताया, कि लोग 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित उनके निवास कासा ग्रांडे में अंतिम दर्शन कर सकेंगे, जबकि शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

आशा भोसले सिर्फ एक सिंगर नहीं थीं, बल्कि वो एक एहसास थीं. उनकी आवाज में वो जादू था, जो हर दौर के संगीत प्रेमियों को जोड़ता रहा. चाहे रोमांटिक गाने हों, दर्द भरे नगमे या फिर मस्ती से भरे गाने, हर अंदाज में उन्होंने खुद को साबित किया. हिंदी सिनेमा के हजारों गानों में उनकी आवाज आज भी जिंदा है, और हमेशा रहेगी.

उनके निधन की खबर सुनते ही बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई. कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी, और उनके साथ बिताए खास पलों को याद किया.

अक्षय कुमार ने उनके साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए, लिखा कि उनकी सुरीली आवाज हमेशा अमर रहेगी.

वहीं कॉमेडियन जेमी लीवर, जो आशा भोसले की मिमिक्री के लिए जानी जाती हैं, उन्होंने इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए, लिखा कि वो हमेशा से आशा जी की बहुत बड़ी फैन रही हैं, और उनकी गायकी से गहराई से प्रभावित थीं. जेमी ने ये भी कहा, कि आशा जी जैसी सिर्फ एक ही हो सकती हैं और उनका उनसे मिलने का सपना अब अधूरा रह गया.

गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी अपने अंदाज में श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'कुछ लोग यूं बुलंद थे, कि दास्तान हो गए... आज एक आसमान ने ये जमीन छोड़ दी. फिल्ममेकर करण जौहर ने उन्हें याद करते हुए, कहा कि आशा भोसले जैसी कलाकार दूसरी नहीं हो सकतीं, और उनकी आवाज ने पूरे सिनेमा को परिभाषित किया है.

रवीना टंडन, सुशांत दिवगीकर और सुधांशु पांडे जैसे कई सितारों ने भी उन्हें नम आंखों से याद किया, और इस क्षति को अपूरणीय बताया.

बहरहाल, आज भले ही आशा भोसले हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनके गाने और उनका जादू हमेशा जिंदा रहेगा. उन्होंने सिर्फ गाने नहीं गाए, बल्कि हर सुर में एक कहानी कही, और यही वजह है, कि वो हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी.