---विज्ञापन---
पहली पत्नी से तलाक के बाद शराबी बन गए थे आमिर खान; सालों बाद किया चौंकाने वाला खुलासा

Aamir Khan Shocking Reveal: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान एक बार फिर से सुर्खियों में छाए हुए हैं. इस बार भी आमिर खान अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में आए हैं. दरअसल, आमिर ने हाल ही में अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है, जिसमें उन्होंने अपनी पहली पत्नी रीना दत्ता से हुए तलाक पर बात की.

आमिर खान ने हाल ही में बरुण दास को दिए इंटरव्यू में अपनी जिंदगी को लेकर कई खुलासे किए. इस दौरान ही उन्होंने अपनी पहली पत्नी रीना दत्ता से तलाक और उसके बाद खराब हुई अपने हालात के बारे में बताया है.

आमिर ने बताया कि जब उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता बच्चों के साथ उन्हें छोड़कर चली गईं, उसके बाद वो पूरी तरह टूट गए थे. उन्होंने कहा कि वो अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए शराब का सहारा लेने लगे थे.

इंटरव्यू में आमिर ने कहा, 'रीना से तलाक होने तक मैं शराब बिल्कुल नहीं पीता था. फिर, जिस दिन वो बच्चों को लेकर घर से निकली और मैं अकेला रह गया, उस दिन मैं अपने इमोशंस को संभाल नहीं पाया.'

आमिर ने आगे कहा, 'मैंने कभी शराब नहीं पी थी, कुछ सीन के लिए एक-दो बार पी थी, वो भी सिर्फ इसलिए क्योंकि सीन के लिए पीना जरूरी था. मतलब, मुझे शराब से बिल्कुल भी लगाव नहीं था.'

आमिर ने आगे कहा, 'उस रात, मेरे घर में मेहमानों के लिए शराब थी, और मैंने उसे पीना शुरू कर दिया. इसके बाद, अगले डेढ़ साल तक, मैं लगभग हर रात एक बोतल शराब पीता रहा. यह सच बहुत ज्यादा है; एक ऐसे व्यक्ति से जो कभी शराब नहीं पीता था, सीधे एक रात में एक बोतल पीने वाले व्यक्ति में बदलना बहुत ही अजीब बात है.'
इससे पहले आमिर ने 'कॉफी विद करण' में एक बार कहा था, 'रीना और मैं 16 साल तक शादीशुदा रहे. जब हम अलग हुए, तो यह हमारे और हमारे परिवारों के लिए बहुत दुखद था. रीना और मैंने अलग होने के बाद भी एक-दूसरे के लिए प्यार या सम्मान नहीं खोया.'