---विज्ञापन---
दर्दनाक इतना कि… 2 घंटे 30 मिनट की वो फिल्म, जो आशिकों के दर्द की बनी मरहम; मामूली से बजट में कर दी थी नोटों की बारिश

बॉलीवुड में कई ऐसी रोमांटिक फिल्में बनी हैं, जिनकी कहानियां सालों बाद भी लोगों के दिलों में बसी रहती हैं. ऐसी ही एक फिल्म है 'सिर्फ तुम', जो साल 1999 में रिलीज हुई थी. कम बजट में बनी इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी इमोशनल कहानी और शानदार गानों की वजह से दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई.

11 जून 1999 को रिलीज हुई इस फिल्म को अगथियान ने डायरेक्ट किया था, जबकि इसके प्रोड्यूसर बोनी कपूर थे. फिल्म में संजय कपूर, प्रिया गिल, सुष्मिता सेन और सलमान खान जैसे सितारे नजर आए थे. इसके अलावा जैकी श्रॉफ और मोहनीश बहल ने भी फिल्म में अहम भूमिका निभाई थी.

फिल्म की कहानी एक बेहद अनोखी लव स्टोरी पर आधारित थी. कहानी में एक लड़के और लड़की की मुलाकात सीधे तौर पर नहीं होती, बल्कि एक बैग मिलने से शुरू हुई कहानी धीरे-धीरे चिट्ठियों के जरिए प्यार में बदल जाती है.

दोनों बिना एक-दूसरे को देखे ही दिल दे बैठते हैं. कई मुश्किलों और गलतफहमियों के बाद आखिरकार उनकी प्रेम कहानी अपने मुकाम तक पहुंचती है. यही भावनात्मक कहानी दर्शकों को खूब पसंद आई थी.

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका म्यूजिक था. म्यूजिक डायरेक्टर जोड़ी नदीम-श्रवण ने इसके गानों को कंपोज किया था. फिल्म में कुल 9 गाने थे, जिनमें से कई गाने उस दौर में चार्टबस्टर बन गए थे.

इनमें 'पहली-पहली बार मोहब्त की है' , 'दिलबर-दिलबर' , 'एक मुलाकात जरूरी है सनम' और 'सिर्फ तुम' जैसे गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं. इन गानों को अलका याग्निक , कुमार सानू और हरिहरन जैसे मशहूर सिंगर्स ने अपनी आवाज दी थी.

अगर फिल्म के बॉक्स ऑफिस की बात करें, तो इसका बजट करीब 2 करोड़ रुपये था, लेकिन कम बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी, और इसे सुपरहिट का दर्जा मिला था.

आज भी इस फिल्म को देखने वाले दर्शक इसकी इमोशनल स्टोरी और स्वीट म्यूजिक को याद करते हैं. यही वजह है, कि 26 साल बाद भी 'सिर्फ तुम' को बॉलीवुड की यादगार रोमांटिक फिल्मों में गिना जाता है. अगर आप चाहें, तो इस फिल्म को यूट्यूब पर फ्री में और Amazon Prime Video पर भी देख सकते हैं.