Ashram 4: बॉबी देओल स्टारर वेब सीरीज 'आश्रम' के चौथे सीजन का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे है. बीते दिनों इस सीरीज के चौथे सीजन का ऐलान किया गया था, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी थी. प्रकाश झा प्रोडक्शन तले बन रही इस सीरीज को लेकर हाल ही में एक और अपडेट सामने आया है. सीरीज की शूटिंग को लेकर खुद प्रकाश झा ने जानकारी शेयर की है. तो चलिए जानते हैं इसके बारे में.
आश्रम 4 की शूटिंग शुरू
दरअसल, प्रकाश झा प्रोडक्शन ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है. इस पोस्ट में माता लक्ष्मी की तस्वीर के साथ अन्य भगवान की फोटोज दिखाई दे रही हैं. इसके अलावा क्लिफ बोर्ड रखा हुआ है, जिस पर 'एक बदनाम आश्रम' लिखा है. इस पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "एक और आरंभ, आश्रम के नए अध्याय में आपका स्वागत है. जपनाम. आश्रम 4 की शूटिंग शुरू.
सीरीज के चौथे सीजन पर फैंस हुए एक्साइटेड
वहीं, इस अपडेट के सामने आने के बाद फैंस काफी एक्साइटेड हो गए हैं. एक यूजर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, "इंतजार नहीं कर सकते." दूसरे ने लिखा, "बहुत बहुत मुबारक हो सर." एक और यूजर ने शुभकामनाएं देते हुए कमेंट किया और लिखा, "आपकी पूरी टीम को ढेरों शुभकामनाएं सर."
आश्रम के आ चुके हैं तीन सीजन, क्या है कहानी?
आपको बता दें कि आश्रम एक फेमस हिंदी क्राइम थ्रिलर ड्रामा है. जिसका पहला सीजन साल 2020 में आया था. इसके बाद आश्रम चैप्टर 2 भी साल 2020 में ही आया था और तीसरी सीजन 2022 में रिलीज हुआ था. सभी सीजन का डायरेक्शन प्रकाश झा ने किया है. इस सीरीज की कहानी धर्म की आड़ में चलने वाले काले धंधों और ढोंगी बाबाओं की सच्चाई उजागर करने के बारे में है.
सीरीज में नजर आएंगे ये कलाकार
स्टार कास्ट को लेकर बात करें तो इसमें बॉबी देओल लीड रोल में नजर आएंगे. इसके अलावा सीरीज में अदिति पोहनकर और चंदन रॉय सान्याल भी दिखाई देंगे. इसके साथ ही तुषार पांडे, दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका, त्रिधा चौधरी और विक्रम कोचर भी होंगे.
यह भी पढ़ें- Aashram Season 4 Release Date: बॉबी देओल की वेब सीरीज ‘आश्रम’ का चौथा सीजन कब होगा रिलीज? जानें लेटेस्ट अपडेट