Carrie Anne Fleming Passes Away: हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सामने आई है. लोकप्रिय अमेरिकन सीरीज ‘आईजॉम्बी’ (iZombie) और ‘सुपरनैचुरल’ (Supernatural) में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री कैरी ऐन फ्लेमिंग (Carrie Anne Fleming) का 51 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. उनके निधन की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों को गहरे शोक में डाल दिया है.
कैंसर से लंबी और कठिन जंग
कैरी ऐन फ्लेमिंग पिछले कुछ समय से ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं. उनके प्रतिनिधियों के अनुसार, इसी साल 26 फरवरी को कनाडा के एक अस्पताल में जांच के दौरान उन्हें इस बीमारी का पता चला था. दुर्भाग्यवश, बीमारी का पता चलने के कुछ ही समय बाद उन्होंने दम तोड़ दिया.
शांतिपूर्ण तरीके से ली आखिरी सांस
अभिनेत्री के प्रतिनिधि ने उनके अंतिम पलों की जानकारी देते हुए बताया कि कैरी ने अपने प्रियजनों की मौजूदगी में बेहद शांतिपूर्वक तरीके से इस दुनिया से विदा ली. उन्हें एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व और एक दयालु इंसान के रूप में याद किया गया. उनकी टीम ने कहा, “कैरी को जानना हमारे लिए सौभाग्य की बात थी, उनकी कमी हमेशा खलेगी.”
सुपरनैचुरल’ के सह-कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि
कैरी के निधन पर उनके साथ काम कर चुके सितारों ने शोक व्यक्त किया है. ‘सुपरनैचुरल’ सीरीज में उनके पति का किरदार निभाने वाले अभिनेता जिम बीवर ने भी गहरा दुख जताया है. सोशल मीडिया पर फैंस और हॉलीवुड हस्तियां अभिनेत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
थिएटर से शुरू हुआ था अभिनय का सफर
16 अगस्त, 1974 को जन्मीं कैरी ऐन फ्लेमिंग ने अपने हुनर को संवारने के लिए कड़ी मेहनत की थी. उन्होंने विक्टोरिया के कैलिडोस्कोप थिएटर और किडको थिएटर डांस कंपनी से अभिनय और डांस की बारीकियां सीखीं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 1994 में टीवी शो ‘वाइपर’ से की थी.
हॉरर और थ्रिलर जॉनर में बनाई पहचान
कैरी ने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए, लेकिन उन्हें ‘मास्टर्स ऑफ हॉरर’, ‘द टूथ फेयरी’ और ‘ब्लडसकर्स’ जैसे शो के लिए खास तौर पर याद किया जाता है. ‘आईजॉम्बी’ और ‘सुपरनैचुरल’ जैसी हिट सीरीज ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता दिलाई, जिससे वे हर घर में एक जाना-पहचाना नाम बन गईं.