टीवी की दुनिया से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है, पॉपुलर शो Game of Thrones में नजर आ चुके एक्टर Michael Patrick का 35 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने 7 अप्रैल 2026 को अंतिम सांस ली. माइकल लंबे समय से मोटर न्यूरोन डिजीज (MND) जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनके निधन की जानकारी उनकी पत्नी Naomi Sheehan ने सोशल मीडिया के जरिए दी. उन्होंने बताया, कि माइकल ने अपने आखिरी पल बेहद शांति और अपनों के बीच बिताए.
अंतिम वक्त में लिया ये बड़ा फैसला
माइकल पैट्रिक ने अपनी जिंदगी के आखिरी दौर में एक अहम फैसला लिया था. उन्होंने ट्रेकियोस्टॉमी (गले में छेद करके सांस लेने की प्रक्रिया) कराने से इनकार कर दिया था. दरअसल, इस प्रोसेस के बाद उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ सकता था, जिसे वो नहीं चाहते थे. माइकल का मानना था, कि वो अपने बचे हुए समय को अस्पताल के बिस्तर पर नहीं, बल्कि अपने परिवार और करीबियों के साथ बिताना चाहते हैं. यही वजह थी, कि उन्होंने इस मेडिकल प्रोसेस को ठुकरा दिया था.
पत्नी ने पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
नाओमी शीहान ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए, लिखा कि माइकल पिछले 10 दिनों से बेलफास्ट के एक हॉस्पिस केयर सेंटर में एडमिट थे. वहां डॉक्टरों की टीम ने उनका पूरा ख्याल रखा. उन्होंने लिखा, ‘माइकल जिन्हें वो प्यार से मिक कहती थीं, कहा कि उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों के बीच बहुत शांति से इस दुनिया को अलविदा कहा. हमारे दिल टूट गए हैं, इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.’
लंबी बीमारी से लड़ाई और लास्ट पोस्ट
माइकल पिछले तीन साल से मोटर न्यूरोन डिजीज (MND) से जूझ रहे थे. इस बीमारी में धीरे-धीरे शरीर की मांसपेशियां काम करना बंद कर देती हैं. आखिरी समय में वो व्हीलचेयर पर आ गए थे. फरवरी 2026 में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना हेल्थ अपडेट शेयर किया था, जो अब उनका आखिरी मैसेज साबित हो रहा है. उन्होंने बताया था, कि डॉक्टरों के मुताबिक उनके पास शायद एक साल का समय बचा है, हालांकि उन्हें नए इलाज और ट्रायल्स से उम्मीद थी.
फैंस की मदद, यूं दिया साथ
इलाज के लिए माइकल को आर्थिक मदद की भी जरूरत पड़ी थी. उन्होंने एक ऑनलाइन फंडरेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से सहयोग मांगा था. फैंस और शुभचिंतकों ने दिल खोलकर उनकी मदद की थी. माइकल ने सभी दानदाताओं का धन्यवाद करते हुए, कहा था कि ये पैसा उनके जीवन के आखिरी समय में बेहतर देखभाल के लिए इस्तेमाल होगा.
‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ से मिली पहचान
माइकल पैट्रिक ने Game of Thrones के सीजन 6 के एपिसोड The Broken Man में वाइल्डलिंग का किरदार निभाया था. भले ही उनका रोल छोटा था, लेकिन इस शो का हिस्सा बनना उनके करियर का खास पल रहा. एक्टर होने के साथ-साथ माइकल एक थिएटर आर्टिस्ट और नाटककार भी थे. उन्होंने अपनी बीमारी के एक्सपीरियंस को अपने नाटक में भी ढाला, जिससे उनकी संवेदनशीलता और जज़्बा साफ नजर आता है.बहरहाल, माइकल पैट्रिक का यूं चले जाना एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए किसी सदमे से कम नहीं है, लेकिन फैंस उन्हें हमेशा उनकी मुस्कान और जज्बे के लिए याद रखेंगे.