Shilpa Shetty seeks personality rights protection in Bombay High Court: बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा शिल्पा शेट्टी ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. एक्ट्रेस ने कोर्ट में अपनी पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा को लेकर अर्जी दायर की है. उनके मुताबिक ऐसे कई वेबसाइट्स हैं, जो उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. कुछ साइट्स ने बिना उनकी इजाजत के उनकी फोटोज और वीडियोज को मॉर्फ करके यूज किया है. ऐसे में एक्ट्रेस ने सख्त कदम उठाया है.
बीते दिनों कई स्टार्स ने ये सख्त कदम उठाया है. शिल्पा से पहले अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और ऋतिक रोशन जैसे दिग्गज कलाकार भी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं. स्टार्स अब अपनी पर्सनैलिटी को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क हो गए हैं. उनकी फोटोज के गलत इस्तेमाल से न सिर्फ उन्हें पैसों का नुकसान होता बल्कि उनकी इमेज पर बुरा असर भी पड़ता है.
वकील ने कही ये बात
शिल्पा शेट्टी की तरफ से केस लड़ने वाली वकील सना रईस खान ने कहा कि शिल्पा शेट्टी ने जो अपनी मेहनत से अपना नाम कमाया है, उसका कोई भी इंसान अपने फायदे के लिए बिना इजाजत के इस्तेमाल नहीं कर सकता है. गलत तरीके से उनकी फोटोज का इस्तेमाल करना उनकी सालों से कमाई इज्जत पर सीधा हमला है. इससे उनकी इमेज को गहरा नुकसान हो सकता है. कोई भी इंसान अपने फायदे के लिए एक्ट्रेस की फोटोज को एक्सप्लॉइट नहीं कर सकता. हमने बॉम्बे हाईकोर्ट को अर्जी दी है ताकि ऐसे गलत इस्तेमाल को रोका जा सके और उनकी पहचान को किसी ‘कमोडिटी’ की तरह ट्रीट होने से बचाया जा सके.