150 से ज्यादा फिल्मों में दमदार एक्टिंग करके दर्शकों के दिल में जगह बनाने वाले वरिष्ठ एक्टर राजेश अब हमारे बीच नहीं रहे। 75 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका निधन लो ब्लड प्रेशर से जुड़ी हेल्थ प्रॉब्लम्स के चलते हुआ। राजेश न सिर्फ एक उम्दा कलाकार थे, बल्कि एक लेखक, सामाजिक विचारक और रियल एस्टेट उद्यमी भी थे। उनके निधन से सिनेमा जगत में एक खालीपन आ गया है जिसे भर पाना मुश्किल होगा। आइए जानते हैं कि कौन थे राजेश?

150 से ज्यादा तमिल फिल्मों में किया काम

तमिल सिनेमा के फेमस एक्टर राजेश का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे लो ब्लड प्रेशर से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। राजेश ने 150 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया और अपने पीछे अभिनय, लेखन और सामाजिक सेवा की एक गहरी छाप छोड़ गए हैं। राजेश के निधन की खबर आते ही तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सुपरस्टार रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मेरे करीबी दोस्त राजेश के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। वह एक बेहतरीन इंसान थे। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।" इसके साथ ही कई अन्य कलाकारों और फैंस ने भी सोशल मीडिया पर एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।  

कौन थे एक्टर राजेश?

राजेश के बारे में बात करें तो उनका जन्म तमिलनाडु के तिरुवरूर जिले के मन्नारगुडी में हुआ था। उनके पिता का नाम विलियम्स नटर और माता का नाम लिली ग्रेस मनकोंडर था। फिल्मों में आने से पहले राजेश एक स्कूल में टीचर थे। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1974 में फिल्म ‘अवल ओरु थोदर कथाई’ से की थी, जिसमें उन्होंने एक छोटी भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही राजेश ने साल 1979 में ‘कन्नी परुवथिले’ से मेन एक्टर के रूप में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने कई तमिल फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने कमल हासन के साथ ‘सत्या’, ‘महानदी’ और ‘विरुमांडी’ जैसी फिल्मों में काम किया। राजेश की आखिरी फिल्म थी ‘मैरी क्रिसमस’ थी जो साल 2024 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को श्रीराम राघवन ने निर्देशित किया था। राजेश ने इसके तमिल संस्करण में भूमिका निभाई थी, जबकि हिंदी वर्जन में वही किरदार टीनू आनंद ने निभाया था।   यह भी पढ़ें: दिग्गज एक्टर राजेश का निधन, अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में तोड़ा दम

एक्टिंग के अलावा भी एक्टर की थीं कई रुचियां

राजेश केवल एक एक्टर ही नहीं थे, बल्कि वे रियल एस्टेट में भी सक्रिय थे। उन्होंने ज्योतिष शास्त्र पर कई किताबें और लेख भी लिखे। इसके साथ ही वे कार्ल मार्क्स के विचारों से प्रभावित थे और 1987 से 1991 तक राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहे। उन्होंने एक बंगला बनवाया जिसे फिल्मों की शूटिंग के लिए किराये पर दिया जाता था। कई हिंदी, तमिल और मलयालम फिल्मों की शूटिंग वहां हुई। राजेश ने 1983 में समाज सुधारक और द्रविड़ नेता पट्टुकोट्टई डेविस वनथिरायर की पोती जोन सिल्विया वनथिरायर से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं, बेटी दिव्या और बेटा दीपक, जो पिता की राह पर चलते हुए भी फिल्मी दुनिया से जुड़े। साल 2012 में उनकी पत्नी का निधन हो गया था अब राजेश ने भी इस दुनिया को अलविद कह दिया है। यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19 का पहला कंटेस्टेंट बन सकता है ये एक्टर! खबरों पर क्या बोले विक्रम सिंह?