Hansika Motwani: हाल ही एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी का सोहेल कथूरिया के साथ तलाक हुआ है. ऐसे में हंसिका इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर जबरदस्त सुर्खियां बटोर रही हैं. हंसिका रिश्ता टूटने पर कई लोगों के तमाम रिएक्शन देखने को मिले, वहीं इसी मुद्दे पर हंसिका की एक्स भाभी मुस्कान नैन्सी जेम्स ने भी हंसिका को लेकर काफी कुछ सोशल मीडिया पर कहा, जो हंसिका को बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और हंसिका ने उनपर लीगल केस ठोक दिया.
हंसिका के वकील ने कोर्ट में मुस्कान के खिलाफ मानहानि का केस तो किया ही है साथ ही में यह भी याचिका दायर की है कि मुस्कान को भविष्य में भी किसी भी तरह की बयानबाजी करने से रोका जाए. वकील का कहना है कि मुस्कान, हंसिका पर झूठे आरोप लगा रही हैं. मुस्कान 27 लाख रुपये का कर्ज चुकाने से बचने के लिए परिवार पर उल्टे सीधे आरोप लगा रही हैं.
हंसिका ने मुस्कान को दिए 27 लाख
आपको बता दें कि हंसिका का भाई प्रशांत और मुस्कान दोनों काफी अच्छे दोस्त थे. लंबे रिलेशन के बाद दोनों ने शादी रचाई थी. मुस्कान को काम शुरू करना था इसलिए हंसिका ने मुस्कान की मदद की और 27 लाख रुपये उन्हें दिए, लेकिन अब दोनों का रिश्ता टूट गया है. प्रशांत और मुस्कान का तलाक हो गया है. ऐसे में हंसिका अपने 27 लाख रुपये चाहती हैं, जो मुस्कान ने अभी तक नहीं लौटाए.
मुस्कान के खिलाफ मानहानि का केस
हंसिका ने जो मानहानि का केस दायर किया है उसमें उन्होंने मुस्कान को एक मामूली टीवी एक्ट्रेस बताया है. जो कि सोशल मीडिया पर अपनी लग्जरी लाइफ और अपने लाइफस्टाइल का दिखावा करती हैं, लेकिन जब भी उनसे पैसे मांगे जाते हैं तो वह इसे ना चुकाने के बहाने ढूंढती हैं. हंसिका ने अपनी याचिका में कहा कि वह बस उन्हें को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं. हंसिका मोटवानी ने मुस्कान के खिलाफ मुंबई की अदालत में 2 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है.
मुस्कान ने किया पलटवार
हंसिका मोटवानी के तमाम आरोपों अब मुस्कान ने चुप्पी तोड़ी है. मुस्कान ने अपने इंस्टाग्राम पर हंसिका को करारा जवाब दिया. उन्होंने बड़े ही मजाकिया और तंज भरे अंदाज में लिखा कि, ‘पेड पीआर टीम’ को खबरें पोस्ट करने से पहले थोड़ी जांच-पड़ताल कर लेनी चाहिए. मुस्कान ने साफ किया कि उन्हें अभी तक कोई कानूनी नोटिस नहीं मिला है. उन्होंने तंज कसते हुए ये भी कहा कि शायद नोटिस मुंबई के ट्रैफिक में कहीं फंस गया है, इसलिए ‘सीक्रेट इंफॉर्मर’ को फैक्ट्स चेक कर लेने चाहिए.
ससुराल में प्रताड़ित हुईं मुस्कान?
आगे मुस्कान ने खुलासा किया कि ससुराल में हुई प्रताड़ना और लगातार तनाव की वजह से उन्हें ‘बेल्स पाल्सी’ जैसी गंभीर बीमारी हो गई. बीमारी में चेहरे के एक तरफ के हिस्से में लकवा मार जाता है या भारी कमजोरी आ जाती है. मुस्कान का कहना है कि उनकी आज जो हालत है, उसके जिम्मेदार उनके ससुरालवाले हैं. इस तरह पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है.