Dhurandhar Singer Jasmine Sandlas Video: दिल्ली में एक बड़े म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान पॉपुलर पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए एचटी सिटी अनविंड फेस्टिवल में जैस्मीन ने अपना लाइव परफॉर्मेंस बीच में रोक दिया, जब उन्होंने देखा कि भीड़ में कुछ लड़के फीमेल ऑडियंस के साथ बदसलूकी कर रहे हैं.
छेड़खानी देखते ही रोका शो
बता दें, सिंगर के फेमस सॉन्ग्स’इललीगल वेपन 2.0′ , ‘यार ना मिले’ जैसे सुपरहिट गानों पर दर्शक झूम ही रहे थे, कि तभी जैस्मीन की नजर आगे की लाइन में बैठे कुछ लड़कों पर पड़ी, जो लड़ियों को परेशान कर रहे थे. ये देखते ही सिंगर ने माइक संभाला और साफ शब्दों में सिक्योरिटी को निर्देश दिए. उन्होंने कहा, ‘इन दोनों लड़कों को यहां से बाहर निकालिए, ये लड़कियों को परेशान कर रहे हैं. जब तक ये नहीं जाएंगे, मैं गाना नहीं गाऊंगी.’
फीमेल सिक्योरिटी पर दिया खास मेसेज
जैस्मीन ने तब तक परफॉर्मेंस दोबारा शुरू नहीं किया, जब तक सिक्योरिटी स्टाफ ने उन लड़कों को बाहर का रास्ता नहीं दिखा दिया. इस घटना के बाद जैस्मीन सैंडलस ने ये साफ कर दिया, कि उनका कॉन्सर्ट सभी के लिए सेफ जगह है, खासकर फीमेल्स के लिए. सिचुएशन नॉर्मल होने के बाद उन्होंने दर्शकों का शुक्रिया अदा किया, लेकिन इस घटना के बाद से वो पूरी शाम इमोशनल नजर आईं. मंच पर उन्हें कुछ पोस्टर पढ़ते हुए रोते भी देखा गया, जिनपर लिखा था, ‘दिल्ली में परफॉर्म करना हमेशा खास होता है.’
पहले भी सुर्खियों में रहा दिल्ली शो
ये पहली बार नहीं है, जब दिल्ली में जैस्मीन सैंडलस का कॉन्सर्ट चर्चा में आया हो. साल 2023 में इसी स्टेडियम में उनके शो से पहले उन्हें धमकियां मिली थीं. इसके बावजूद उन्होंने तगड़ी सुरक्षा के बीच शानदार परफॉर्मेंस दी थी. सोशल मीडिया पर सिंगर के इस कदम की जमकर सराहना हो रही है. फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है, कि बड़े कॉन्सर्ट्स में इस तरह का स्टैंड लेना बेहद जरूरी है.
शो में दिखे खास पल
बहरहाल, इस घटना के बावजूद शाम यादगार रही. ‘धुरंधर’ के सॉन्ग ‘शरारत’ के दौरान जब एक्ट्रेस आयशा खान की सरप्राइज एंट्री हुई, तो फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा था. वहीं जैस्मीन ने अपने अपकमिंग म्यूजिक वीडियो ‘इललीगल रॉबरी’ के कुछ सीन भी लाइव स्टेज पर शूट किए गए, जिसमें लाल कपड़ों में सजे सैकड़ों फैंस नजर आए.