Munna Bhai 3: राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही थी. फिल्म में संजय दत्त, ग्रेसी सिंह और अरशद वारसी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. इसके तीन साल बाद यानी 2006 में इसका सीक्वल 'लगे रहो मुन्ना भाई' रिलीज हुआ, जिसे भी दर्शकों ने खूब पसंद किया. अब लगभग 20 साल बाद राजकुमार हिरानी ने 'मुन्ना भाई 3' को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है.

'मुन्ना भाई 3' पर राजकुमार हिरानी ने दिया अपडेट

दरअसल, हाल ही में राजकुमार हिरानी ने फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी. उन्होंने एनडीटीवी से बातचीत के दौरान बताया कि 'मुन्ना भाई 3' की स्क्रिप्ट पर फिलहाल काम चल रहा है और इसकी कहानी लिखी जा रही है. हालांकि उन्होंने फिल्म के नाम, रिलीज डेट या स्टारकास्ट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की. साथ ही, फिल्म की आधिकारिक घोषणा भी अभी नहीं की गई है. लेकिन निर्देशक के इस बयान से फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ गई है.

---विज्ञापन---

रिलीज हुआ था 'मुन्ना भाई 3' का टीजर

बता दें कि काफी समय पहले 'मुन्ना भाई 3' को लेकर एक टीजर भी रिलीज किया गया था, जिसमें मुन्ना भाई और सर्किट की जोड़ी अमेरिका जाती हुई दिखाई गई थी. टीजर से अंदाजा लगाया गया था कि कहानी इन्हीं दोनों किरदारों के इर्द-गिर्द घूमेगी. हालांकि टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर कोई नया अपडेट सामने नहीं आया और यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया, जिससे फैंस काफी निराश हो गए थे.

पुराने टीजर पर बोले राजकुमार हिरानी

अब उसी पुराने टीजर का जिक्र करते हुए राजकुमार हिरानी ने बताया कि उस समय फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार नहीं थी और टीजर महज एक आइडिया था. उन्होंने कहा कि जिस दिशा में टीजर बनाया गया था, उस दिशा में कहानी को आगे विकसित नहीं किया जा सका. उन्होंने यह भी कहा कि जब भी मुन्ना भाई और सर्किट की बड़े पर्दे पर वापसी हो, तो उनकी कहानी पहले की तरह दमदार हो, ताकि दर्शकों को वह पसंद आए.

---विज्ञापन---

संजय दत्त और अरशद वारसी करेंगे वापसी?

वहीं, राजकुमार हिरानी ने फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है. हालांकि, पुराने टीजर में संजय दत्त और अरशद वारसी साथ नजर आए थे. ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों कलाकार एक बार फिर अपनी आइकॉनिक जोड़ी के साथ लौट सकते हैं. हालांकि, इस बारे में मेकर्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल फैंस इस जोड़ी की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें- OTT पर ट्रेंड कर रही Salman Khan की 27 साल पुरानी फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर कमाया था 374% प्रॉफिट

---विज्ञापन---