मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल में से प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का निधन हो गया है. उन्होंने 12 जुलाई 2026 को 78 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली. उनके चाहने वाले उन्हें प्यार से 'अम्मा' कहकर बुलाते थे. फिलहाल उनके निधन के कारण का खुलासा नहीं हुआ है. उनके निधन की खबर से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. उनका अंतिम संस्कार आज यानी 13 जुलाई को मुंबई के सांताक्रूज श्मशान घाट में किया जाएगा. इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की गई है.
आज होगा अंतिम संस्कार
वायरल हो रहे पोस्ट के मुताबिक, सुनीला प्यारेलाल शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सांताक्रूज श्मशान घाट में किया जाएगा. संगीत जगत की कई हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच सकती हैं.
परिवार ने शेयर किया नोट
शर्मा परिवार ने सोशल मीडिया पर एक बयान भी जारी किया है, जिसमें सुनीला के निधन की जानकारी दी गई है. परिजनों ने एक नोट साझा करते हुए लिखा, "अम्मा ने शालीनता, भक्ति और शांत मजबूती से भरी जिंदगी जी. उन्हें जानने वाले सभी लोगों के लिए वह बिना शर्त प्यार और स्नेह का सहारा थीं. भले ही हमारे दिल भारी हैं, लेकिन हमें इस बात का सुकून है कि अब उन्हें शांति मिल गई है." परिवार ने इस कठिन समय में दोस्तों और शुभचिंतकों से मिली दुआओं और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया.
कौन थीं सुनीला प्यारेलाल शर्मा?
सुनीला प्यारेलाल शर्मा भारतीय संगीत जगत की जानी-मानी हस्तियों में से एक थीं. भले ही वह पेशेवर सिंगर नहीं थीं, लेकिन संगीतकार प्यारेलाल शर्मा के लिए हमेशा एक मजबूत सहारा बनकर उनके साथ रहीं. पिछले कुछ सालों में वह प्यारेलाल के साथ कई सिंगिंग रियलिटी शोज में भी नजर आईं. वह 'इंडियन आइडल 13' के लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल स्पेशल एपिसोड में स्पेशल गेस्ट के रूप में प्यारेलाल के साथ पहुंची थीं. इसके अलावा, सुनीला 'सा रे गा मा पा' और 'सुपरस्टार सिंगर' जैसे लोकप्रिय शोज़ में भी नजर आई थीं.
यह भी पढ़ें- Deepika Padukone के एक्स बॉयफ्रेंड का बड़ा खुलासा, डेटिंग और ब्रेकअप के दावों पर दिया जवाब