अक्सर सेलेब्रिटीज अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर रियलिटी शो का हिस्सा बनते हैं. हाल ही में रियलिटी शो 'लॉक अप 2' की शुरुआत 27 जून से हुई है और इस शो में कई जाने-माने सेलेब्स और इंफ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया है. इनमें गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा, आकांक्षा चमोला और राम कपूर जैसे सितारे शामिल हैं. शो के हालिया एपिसोड में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा रोती हुई नजर आईं. साथ ही उन्होंने कहा कि गोविंदा ने मुझे मना किया था कि शो में मत जाए. इस बीच अब राम कपूर ने भी शो से बाहर जाने की गुजारिश कर दी है.
लॉक अप 2 में परेशान हुए राम कपूर
दरअसल, 'लॉक अप 2' का हर गुजरता दिन कंटेस्टेंट्स के लिए और ज्यादा मुश्किल भरा होता जा रहा है. यहां हर कंटेस्टेंट के लिए खुद को सुरक्षित रखना और गेम में टिके रहना आसान नहीं है. हाल ही में राम कपूर का भी सब्र का बांध टूट गया. उन्होंने शो के होस्ट रितेश देशमुख से उन्हें बाहर निकालने की गुजारिश की. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि इस शो में आना उनकी सबसे बड़ी गलती थी.
राम कपूर ने लॉक अप 2 में आने को बताया गलती
शो में गुस्से में बात करते हुए राम कपूर ने कहा, "ये शो मेरे लिए सही नहीं है. शायद मैं इस शो के लिए सही इंसान नहीं हूं. मुझे ऐसे शो के लिए हां नहीं कहनी चाहिए थी. इसलिए मुझे जल्द से जल्द इस शो से बाहर निकलना होगा. मैं अब इस शो का हिस्सा नहीं रहना चाहता. मुझे एहसास हो गया है कि मैं इस गेम को हल्के में ले रहा था, जैसे मैं छुट्टियां मनाने आया हूं. मुझे अपनी खूबियों और कमियों का पता है और मैं अपनी गलत छवि लोगों के सामने नहीं दिखाना चाहता."
राम कपूर ने की शो से बाहर आने की रिक्वेस्ट
इसके बाद उन्होंने रितेश देशमुख से कहा, "मैं किसी तरह की सफाई नहीं देना चाहता. अब जब मुझे इस गेम की गंभीरता का एहसास हो गया है, तो मैं समझ गया हूं कि मैं इस शो के लिए नहीं बना हूं. मैं यहां रहकर आपका, फराह खान का, नेटफ्लिक्स का या इस गेम का अपमान नहीं करना चाहता. इसलिए मेरी रिक्वेस्ट है कि प्लीज मुझे अभी बाहर निकाल दीजिए." हालांकि, राम कपूर की बात सुनने के बाद रितेश देशमुख ने उन्हें समझाने की कोशिश की. उन्होंने राम का हौसला बढ़ाया और उन्हें गेम जारी रखने के लिए प्रेरित किया.
यह भी पढ़ें- आखिर क्यों छिड़ा है दिलजीत दोसांझ की Satluj पर विवाद? सिर्फ 48 घंटों के भीतर Zee5 से हटाई गई फिल्म