साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं. इस बीच, एक्टर को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, जूनियर एनटीआर के कंधे में चोट लग गई है. इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है. एक्टर के घायल होने की खबर से फैंस चिंतित हो गए हैं. हालांकि, इस घटना के बाद जूनियर एनटीआर की टीम ने इसे लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है.
दरअसल, इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्टर के कंधे में चोट लगने के तुरंत बाद उनकी मेडिकल जांच की गई. इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी. यह हादसा फिल्म 'ड्रैगन' की शूटिंग के दौरान हुआ. इसके बाद एक्टर की टीम ने उनकी हेल्थ अपडेट शेयर की है. वहीं, इस घटना के बाद एक्टर 7 से 8 हफ्तों के लिए फिल्म की शूटिंग नहीं कर पाएंगे.
टीम ने जारी किया बयान
टीम ने पोस्ट में लिखा, "हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि आज शाम मिस्टर एनटीआर के कंधे में दुर्भाग्यवश चोट लग गई है. पूरी मेडिकल जांच के बाद डॉ. जे. मधुसूदन राव और डॉ. आर. ए. पूर्णचंद्र तेजस्वी की अगुवाई वाली डॉक्टरों की टीम ने उन्हें छह से आठ सप्ताह तक पूरा आराम करने की सलाह दी है, ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकें. हम सभी को आश्वस्त करना चाहते हैं कि घबराने की कोई बात नहीं है. हम उनकी सेहत से जुड़े आधिकारिक अपडेट समय-समय पर साझा करते रहेंगे. आपकी समझदारी और लगातार समर्थन के लिए धन्यवाद."
फैंस ने की जल्द ठीक होने की कामना
वहीं, टीम की पोस्ट पर फैंस ने कमेंट कर जूनियर एनटीआर का हालचाल पूछा. एक यूजर ने लिखा, "जल्द ठीक हो जाओ अन्ना, आपकी सेहत से बढ़कर कुछ भी नहीं है, स्वस्थ रहिए." वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "प्लीज, जल्द ठीक हो जाइए."
इन फिल्मों में नजर आएंगे एनटीआर
बता दें कि जूनियर एनटीआर जल्द ही फिल्म 'ड्रैगन' में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं. यह फिल्म 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके बाद जूनियर एनटीआर फिल्ममेकर त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ भी काम करेंगे.
यह भी पढ़ें- Dhamaal 4 Box Office Collection Day 18: ‘धमाल 4’ का जलवा बरकरार, 18वें दिन भी कमाए करोड़ों, जानें कलेक्शन