ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता टेरेंस डोनोवन, जो 'नेबर्स' और 'होम एंड अवे' जैसे पॉपुलर टीवी शोज के लिए जाने जाते थे, उनका 90 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की जानकारी उनके बेटे और एक्टर जेसन डोनोवन ने दी. टेरेंस डोनोवन के निधन से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि उनके फैंस और पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री शोक में डूब गई है.
जेसन ने दी पिता के निधन की जानकारी
जेसन डोनोवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर अपने पिता के निधन की जानकारी दी. उन्होंने अपने पिता को एक शानदार और यादगार शख्सियत बताया. पोस्ट में जेसन ने लिखा, "भारी दुख के साथ, लेकिन उनकी लंबी और भरपूर जिंदगी का जश्न मनाते हुए, मैं और मेरा भाई पॉल यह शेयर कर रहे हैं कि हमारे पिता टेरेंस का बीती रात मेलबर्न में शांतिपूर्वक निधन हो गया."
टेरेंस के बेटे जेसन हुए इमोशनल
जेसन ने अपने पिता के निधन को बेहद भावुक पल बताया. उन्होंने आगे लिखा, "हमारे पापा बेहद शानदार और असाधारण व्यक्तित्व के धनी इंसान थे. वे हमारे सबसे अच्छे दोस्त और हमारी पूरी दुनिया थे. हमें उनकी बहुत याद आएगी, लेकिन इस बात का सुकून है कि उनके आखिरी दिनों में हम सभी उनके साथ थे. उनका जीवन पूरी शिद्दत से जिया गया. जैसा कि कहा जाता है, जिंदगी या तो एक बड़ा साहसिक रोमांच है, या फिर कुछ भी नहीं. हम खुद को बेहद खुशकिस्मत मानते हैं कि हमें आप जैसे पिता मिले." इस दौरान जेसन ने मेलबर्न के कैब्रिनी हॉस्पिटल के स्टाफ का भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने टेरेंस डोनोवन के अंतिम दिनों में उनकी देखभाल की.
कौन थे टेरेंस डोनोवन?
बता दें कि टेरेंस डोनोवन का जन्म 1935 में लंदन में हुआ था. 14 वर्ष की उम्र में वे अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया चले गए थे. इसके बाद उन्होंने टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्हें बड़ा ब्रेक 'डिवीजन 4' (Division 4) से मिला, जिसमें उन्होंने डिटेक्टिव मिक पीटर्स की भूमिका निभाई। इस शो में उन्होंने 1969 से 1975 तक काम किया. इसके अलावा वह 'प्रिजनर', 'सन्स एंड डॉटर्स', 'अ कंट्री प्रैक्टिस', 'द फ्लाइंग डॉक्टर्स' और 'होम एंड अवे' जैसे लोकप्रिय शोज में नजर आए। वहीं, 1990 से 1994 तक उन्होंने 'नेबर्स' में डग विलिस का यादगार किरदार निभाया.
यह भी पढ़ें- Salman Khan की सेहत पर उठे सवाल, तो दबंग खान ने यूं किया पलटवार, बोले- तबीयत कैसी है?