ऐश्वर्या राय बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत हसीनाओं में से एक हैं. उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्में की हैं और उन मूवीज में तमाम शानदार गानों पर परफॉर्म भी किया है. हालांकि हाल ही में ऐश्वर्या राय की एक फिल्म का गाना ओडिशा की किताब में छपा मिला है. इस गाने के लिरिक्स ओडिशा की पांचवी क्लास के बच्चों को पढ़ाए जा रहे हैं. तो चलिए जानते हैं कि ऐसा क्यों है और यह क्या मामला है.
ओडिशा की पांचवीं क्लास में छपा गाना 'निंबूड़ा-निंबूड़ा'
दरअसल, ओडिशा की पांचवीं क्लास की एक किताब में गलती से गाना 'निंबूड़ा-निंबूड़ा' के बोल छापे गए हैं. किताब स्कूलों तक पहुंचने के बाद यह मामला सामने आया, जिसके बाद स्कूल प्रशासन, एडिटिंग और क्वालिटी जांच प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए किताब में छपे लिरिक्स
ओडिशा टीवी (OTV) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह गलती तब सामने आई जब किताब के पन्नों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. मामला सामने आने के बाद इसे लेकर विवाद शुरू हो गया और सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर आलोचना की. एजुकेशन एक्सपर्ट और पेरेंट्स ने भी सवाल उठाए कि एडिटिंग क्वालिटी जांच के दौरान इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई. हालांकि, इस मामले में अब तक संबंधित अधिकारियों या स्कूल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
किताबों में मिली कई गलतियां
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है, जब स्कूली किताबों में इस तरह की गंभीर गलतियां सामने आई हों. इससे पहले भी किताबों में ऐसी गलतियां देखने को मिल चुकी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत राज्य में जारी नई किताबों में 1,600 से अधिक गलतियां मिली हैं. क्लास 1 से 8 तक की किताबों में कुल 1,678 गलतियां दर्ज की गई हैं, जिनमें फैक्ट्स, मात्राएं, व्याकरण और वर्तनी की गलतियां शामिल हैं. इनमें सबसे अधिक 705 गलतियां क्लास 8 की किताबों में पाई गईं.
कुछ लोगों किया सस्पेंड
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (SCERT) के पूर्व निदेशक मनोज पाढ़ी और तीन सहायक निदेशकों को सस्पेंड कर दिया है. वहीं, विकास आयुक्त डी.के. सिंह की अध्यक्षता में कक्षा 1 से 8 तक की किताबों की जांच कराई गई, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं.
यह भी पढ़ें- 5 एपिसोड की ये सीरीज Prime Video पर आते ही बनी दर्शकों की फेवरेट, बेहतरीन कॉमेडी के चलते हो रही नंबर 1 पर ट्रेंड