Ramayana Box Office Collection Day 3: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ इस समय सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर कब्जा जमाए हुए है. आज फिल्म को थिएटर में रिलीज हुए 3 दिन पूरे हो गए हैं. नीतेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी इस मेगा बजट फिल्म ने तीसरे दिन यानी छोटी दिवाली के खास मौके पर शानदार कलेक्शन किया. छोटी दिवाली के दिन फिल्म की कमाई के ग्राफ ने काफी लंबी छलांग लगाई है. इसी वजह से बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ‘रामायण’ ने महज 3 दिन में 180 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. चलिए जानते हैं कि रणबीर की फिल्म ने छोटी दिवाली के दिन कितने करोड़ की कमाई की है.
छोटी दिवाली पर महाधमाका
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ ने तीसरे दिन यानी छोटी दिवाली के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की है. फिल्म ने छोटी दिवाली के दिन 69.80 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसमें दूसरे दिन की तुलना में 45.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. इसी के साथ फिल्म ने सिर्फ 3 दिन में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 182.70 करोड़ का कारोबार कर लिया है. अब ये फिल्म जल्द ही भारत में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 218.25 करोड़ रुपये हो गया है. तीसरे दिन फिल्म ‘रामायण’ ने हिंदी में 53 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 6.30 करोड़ रुपये, तेलुगु में 6 करोड़ रुपये, तमिल में 2.50 करोड़ रुपये और मलयालम में 2 करोड़ रुपये की कमाई की है.
छोटी दिवाली पर फिल्म की ऑक्यूपेंसी
नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ की तीसरे दिन थिएटर ऑक्यूपेंसी में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है. छोटी दिवाली के दिन पूरे भारत में फिल्म के 23,696 शो चलाए गए, जिनकी कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 41.3 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार के दिन सुबह के शो में 31.85 प्रतिशत, दोपहर के शो में 52.31 प्रतिशत, शाम के शो में 48.46 प्रतिशत और रात के शो में 51.77 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी तीसरे दिन काफी अच्छा रहा है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने तीन दिनों में 375.50 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है.