Ramayana Box Office Collection Day 2: नीतेश तिवारी की ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म ‘रामायण’ ने आते ही सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर कब्जा कर लिया है. आज फिल्म को रिलीज हुए 2 दिन पूरे हो गए हैं. एक्टर रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की इस फिल्म ने पिछले दो दिनों से बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई की है. इस फिल्म ने महज दो दिनों में भारतीय बाजार में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर दिया है. वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म ‘रामायण’ ने 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म की कमाई देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि दोनों हाथों से नोट छाप रही है. हालांकि, दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में मामूली गिरावट देखने को मिली. चलिए जानते हैं कि रणबीर की फिल्म ने 2 दिन में कितने करोड़ की कमाई की है.
दूसरे दिन हुई छप्परफाड़ कमाई
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ ने दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की है. फिल्म ने शुक्रवार को 48.05 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसमें पहले दिन की तुलना में 25.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. इसी के साथ फिल्म ने महज 2 दिन में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 112.90 करोड़ का बिजनेस कर लिया है. इस तरह से फिल्म ने भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 134.80 करोड़ रुपये हो गया है. दूसरे दिन इस फिल्म ने हिंदी में 35.50 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 5.15 करोड़ रुपये, तेलुगु में 4.75 करोड़ रुपये, तमिल में 1.50 करोड़ रुपये और मलयालम में 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.
फिल्म की ऑक्यूपेंसी
दूसरे दिन रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ की थिएटर ऑक्यूपेंसी में भी गिरावट देखी गई है. शुक्रवार को पूरे भारत में फिल्म के 23,316 शो चलाए गए, जिनकी कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 28.9 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे दिन सुबह के शो में 14.69 प्रतिशत, दोपहर के शो में 23.23 प्रतिशत, शाम के शो में 30.62 प्रतिशत और रात के शो में 45.31 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
नीतेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का वर्ल्डवाइड प्रदर्शन पहले दिन काफी अच्छा रहा है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने दूसरे दिन वर्ल्डवाइड 221.05 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है.