Main Vaapas Aaunga Vs Bharat Bhagya Vidhata Collection: कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ और दिलजीत दोसांझ अभिनीत ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. हालांकि, दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत नहीं मिली है. तीन दिनों में दोनों फिल्में 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई हैं. हालांकि, रविवार को ‘मैं वापस आऊंगा’ की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली, जबकि ‘भारत भाग्य विधाता’ ने भी संतोषजनक प्रदर्शन किया. आइए एक नजर डालते हैं दोनों फिल्मों के रविवार के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर.
'भारत भाग्य विधाता' ने कमाए इतने करोड़
सबसे पहले बात करेंगे कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की. यह फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और इसमें मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के बारे में दिखाया गया है. दमदार कहानी होने के बावजूद फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिल सकी है. ओपनिंग डे पर फिल्म ने 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे दिन इसने 1.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. वहीं, सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने तीसरे दिन 1.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 21 प्रतिशत रही है. इसके साथ ही फिल्म ने तीन दिनों में भारत में कुल 4.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है.
'मैं वापस आऊंगा' ने रविवार को किया इतना कलेक्शन
वहीं, दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की बात करें तो इसने ओपनिंग डे पर 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और दूसरे दिन 1.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की है. रविवार को फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली है. इस तरह ‘मैं वापस आऊंगा’ ने रविवार के कलेक्शन के मामले में कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ को पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही फिल्म ने भारत में तीन दिनों में कुल 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है.
क्या है 'मैं वापस आऊंगा' की कहानी
बता दें कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 1947 में हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में दोनों देशों के बंटवारे से पहले पनपी एक प्रेम कहानी को दिखाया गया है. इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांत रैना भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है.