Dhurandhar 2 Controversy: बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के लिए तैयार रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज से चंद दिन पहले एक बड़े कानूनी विवाद में फंस गई है. जहाँ एक तरफ फिल्म अपनी एडवांस बुकिंग से नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं दूसरी तरफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में फिल्म को लीगल नोटिस थमा दिया गया है.
क्यों शुरू हुआ विवाद?
महाराष्ट्र के सोशल एक्टिविस्ट विकी थॉमस सिंह ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोला है. उन्होंने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लीगल नोटिस भेजा है. आरोप है कि फिल्म में एक सिख किरदार को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है, जो सिख धर्म की मर्यादा और सिद्धांतों के सख्त खिलाफ है.
नोटिस में की गई कड़ी मांगें
शिकायतकर्ता का कहना है कि सिख समुदाय में तंबाकू का सेवन वर्जित है, इसलिए फिल्म में ऐसे दृश्य दिखाना न केवल संवेदनहीन है बल्कि अपमानजनक भी है. जहां मांग की गई है कि फिल्म, ट्रेलर और पोस्टर्स से धूम्रपान वाले सभी सीन हटाए जाएं. साथ ही फिल्म के मेकर्स और रणवीर सिंह सार्वजनिक रूप से सिख समुदाय से माफी मांगें.
रणवीर सिंह का ‘डबल अवतार’ है चर्चा में
विवादों के बीच, फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ है. इस बार दर्शकों को अक्षय खन्ना की कमी तो खलेगी, लेकिन फिल्म में रणवीर सिंह का ‘डबल अवतार’ सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है. माना जा रहा है कि रणवीर का यह नया अंदाज पहले पार्ट के मुकाबले कहीं ज्यादा आक्रामक और प्रभावशाली होने वाला है.
रिकॉर्डतोड़ एडवांस बुकिंग
विवादों के बावजूद ‘धुरंधर 2’ का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है. पेड प्रीव्यूज और एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने पहले ही ‘एनिमल’ जैसी ब्लॉकबस्टर को पीछे छोड़ दिया है. ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि विवाद अगर जल्द नहीं सुलझा तो फिल्म की रिलीज पर असर पड़ सकता है, लेकिन फिलहाल इसकी ओपनिंग ऐतिहासिक होने की उम्मीद है.
19 मार्च को महा-रिलीज
फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. अब सबकी नजरें फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स पर टिकी हैं कि वे इस लीगल नोटिस का जवाब कैसे देते हैं और क्या विवादित दृश्यों में कोई बदलाव किया जाएगा.