टॉक्सिक इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. फिल्म में यश लीड रोल में नजर आ रहे हैं. इसके अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी दिखाई देंगी. फिल्म का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज किया गया है. ट्रेलर रिलीज के बाद से ही यह चर्चा में बना हुआ है. यश के अलावा कियारा भी इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा में हैं. हर कोई कियारा की तारीफ कर रहा है. वहीं, अब एक्ट्रेस के पति सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी कियारा और 'टॉक्सिक' के ट्रेलर की जमकर तारीफ की है. साथ ही उन्होंने पूरी टीम को लेकर भी बात कही है.
सिद्धार्थ ने की कियारा की तारीफ
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 'टॉक्सिक' के ट्रेलर की तारीफ की. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'टॉक्सिक' का ट्रेलर शेयर किया है. ट्रेलर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "मेहनत, लगन, जुनून… ये सब बड़े पर्दे पर दिखेगा. यह तुम्हारी बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी, की। उस जादू को देखने का बेसब्री से इंतजार है, जो @geetu_mohandas, @thenameisyash, तुम और पूरी टीम ने मिलकर रचा है. Toxic टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 26 अगस्त का इंतजार रहेगा."
टॉक्सिक ट्रेलर
'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' का ट्रेलर 8 अगस्त को मेकर्स ने रिलीज किया है. दर्शकों को ट्रेलर काफी पसंद आया है. यह खून-खराबे, जबरदस्त एक्शन और ड्रामे से भरपूर है. इस फिल्म में यश गैंगस्टर के रोल में नजर आए हैं. वहीं, इसमें न सिर्फ एक्शन और ड्रामा, बल्कि भरपूर रोमांस भी देखने को मिलेगा. 4 मिनट 38 सेकंड के इस ट्रेलर में कई शानदार और चौंकाने वाले सीन्स भी देखने को मिले हैं.
ट्रेलर में दिखी यश और कियारा की केमिस्ट्री
फिल्म में कियारा आडवाणी नादिया के रोल में नजर आएंगी. फिल्म में उनकी और यश की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने के लिए फैंस बेहद एक्साइटेड हैं. बीते दिनों कियारा और यश का गाना 'तबाही' रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था. इस गाने में दोनों के बीच कई इंटीमेट सीन्स देखने को मिले. जिसको लेकर भी खूब चर्चा हो रही है.
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
वहीं, फिल्म में तारा सुतारिया रेबेका के रोल में, नयनतारा गंगा के रोल में और रुक्मिणी वसंत मेलिसा के रोल में नजर आएंगी. हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म सिनेमाघरों में 26 अगस्त को रिलीज होगी. गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण यश ने किया है.
यह भी पढ़ें- ‘Kabir Singh से Shershaah’ तक, Toxic से पहले Prime Video, Netflix पर देखें कियारा आडवाणी की ये धांसू फिल्में