बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के पिता और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान अब पूरी तरह से बेहतर हैं, और करीब एक महीने बाद अस्पताल से घर लौट आए हैं. 90 साल की उम्र में आई इस हेल्थ ईश्यू ने परिवार और फैंस दोनों को चिंतित कर दिया था, लेकिन अब उनकी रिकवरी की खबर से राहत की सांस ली जा रही है.
17 फरवरी को कराया गया था भर्ती
सलीम खान को 17 फरवरी को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उन्हें हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था. उम्र ज्यादा होने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखते हुए, इलाज शुरू किया था.
कैसी रही तबीयत और इलाज?
डॉक्टरों की टीम ने समय रहते जरूरी प्रोसीजर किया, जिससे स्थिति कंट्रोल में आ गई. अस्पताल में उनके ब्रेन में बने ब्लड क्लॉट का इलाज किया गया. डॉक्टरों का कहना था, कि हेमरेज बहुत हल्का था, और इलाज सफल रहा. हालांकि, उम्र को देखते हुए रिकवरी में थोड़ा समय लगना स्वाभाविक था. करीब एक महीने तक लगातार निगरानी और ट्रीटमेंट के बाद आखिरकार डॉक्टर उनकी हालत से संतुष्ट नजर आए, और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया.
घर लौटे सलीम खान
रिपोर्ट्स के मुताबिक 17 मार्च की सुबह करीब 10 बजे सलीम खान अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर पहुंचे. उनके घर लौटते ही परिवार में खुशी का माहौल है. फैंस भी उनकी सेहत में सुधार की खबर सुनकर राहत महसूस कर रहे हैं.
परिवार और दोस्तों का मिला पूरा साथ
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान लगातार उनसे मिलने जाते रहे. इसके अलावा इंडस्ट्री के कई बड़े नाम जैसे शाहरुख खान, आमिर खान और उनके पुराने दोस्त जावेद अख्तर भी हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे.
अब पहले से बेहतर है हालत
डॉक्टरों के मुताबिक सलीम खान की हालत अब पहले से काफी बेहतर है. उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी गई है. परिवार उनकी सेहत का खास ख्याल रख रहा है. फिलहाल, सलीम खान की घर वापसी से परिवार में राहत और खुशियों का माहौल है, और अब ईद भी करीब है, तो परिवार और फैंस इस बात से खुश हैं, कि ईद अब खुशी से मनाई जाएगी.