'डॉन 3' को लेकर बीते काफी दिनों से विवाद चल रहा है. रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से पहले ही फिल्म छोड़ दी थी. जिसके कारण विवाद काफी बढ़ गया. इतना ही नहीं मेकर्स ने ये भी आरोप लगाया कि एक्टर के फिल्म छोड़ने के कारण उन्हें 45 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा. वहीं, इस पूरे विवाद में अब रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवनानी ने इंडियन मोशन पिक्चर्स के प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) से संपर्क किया है. भवनानी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के 45 करोड़ के नुकसान के दावों को चुनौती दी है.
रणवीर के पिता ने किया IMPPA से संपर्क
भवनानी ने मंगलवार को IMPPA के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और मामले से जुड़े डॉक्यूमेंट्स सौंपे. IMPPA के प्रेसिडेंट अभय सिन्हा ने इस मुलाकात की पुष्टि की. इंडिया टुडे के मुताबिक एसोसिएशन की लीगल टीम आगे की कार्रवाई करने से पहले जगजीत द्वारा दिए गए सबूतों के साथ अर्जी की भी जांच करेगी.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
बता दें कि रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब एक्टर ने फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया. रणवीर सिंह ने क्रिएटिव मतभेदों का हवाला देते हुए फिल्म छोड़ दी थी. हालांकि मामला तब और बढ़ा जब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने 25 मई को रणवीर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया. FWICE के प्रमुख अशोक पंडित ने दावा किया कि रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने के कारण मेकर्स को 45 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है. इतना ही नहीं एक्टर को बैन करने की भी बात कही गई थी. हालांकि यह आदेश जारी होने के ठीक आठ दिन बाद वापस ले लिया गया था. क्योंकि रणवीर सिंह ने FWICE को कानूनी नोटिस भेज दिया था.
अब क्या मोड़ लेगा डॉन 3 विवाद?
वहीं, रणवीर सिंह के पिता के अब IMPPA के पास जाने के बाद विवाद अलग लेवल पर पहुंच गया है. एसिसोशिएन मामले पर कोई फैसला लेने से पहले संबंधित पक्षों की दलीलों की जांच करेगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डॉन 3 की हुई थी 2023 में अनाउंसमेंट
आपको बता दें कि फरहान अख्तर ने साल 2023 में डॉन 3 फिल्म को अनाउंस किया था. फिल्म का वीडियो जारी कर रणवीर सिंह के बतौर डॉन वाले लुक का खुलासा किया था. इससे पहले अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान डॉन फिल्म में काम कर चुके हैं और फिल्म की तीसरी किस्त में रणवीर नजर आने वाले थे. हालांकि अब मेकर्स इसके लिए नए चेहरे की तलाश कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- कार में बैठे रहे रणवीर सिंह, एयरपोर्ट की ओर बढ़ीं दीपिका… ढीली शर्ट में छिपा नहीं बेबी बंप, वायरल हुआ वीडियो