Ramayana Movie: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है. रणबीर कपूर और साई पल्लवी जैसे सितारों से सजी इस मेगा-बजट फिल्म की कास्टिंग को लेकर आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं. अब फिल्म के एक बेहद महत्वपूर्ण किरदार ‘कुंभकर्ण’ को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस की उत्सुकता को दोगुना कर दिया है. बता दें कि इस किरदार को ‘पंचायत’ के एक एक्टर द्वारा निभाए जाने की बातें हो रही हैं.
फैसल मलिक बनेंगे कुंभकर्ण
मशहूर वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘प्रहलाद चा’ के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता फैसल मलिक अब सिल्वर स्क्रीन पर कुंभकर्ण के रूप में नजर आएंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार, फैसल की कद-काठी और दमदार व्यक्तित्व को देखते हुए नितेश तिवारी ने उन्हें इस पौराणिक किरदार के लिए चुना है.
यश (रावण) के साथ पहला शेड्यूल पूरा
खबरों की मानें तो फैसल मलिक ने फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग पूरी कर ली है. मुंबई के प्राइम फोकस स्टूडियो में उन्होंने रावण का किरदार निभा रहे सुपरस्टार यश के साथ अपना ‘इंट्रोडक्शन सीन’ शूट किया है. कुंभकर्ण और रावण के इन दृश्यों को लेकर काफी गोपनीयता बरती जा रही है.
‘अवतार’ जैसा विजुअल एक्सपीरियंस
फिल्म की शूटिंग एक अंतरराष्ट्रीय टीम की देखरेख में की जा रही है. मेकर्स का लक्ष्य इस फिल्म को जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार’ के स्तर के वीएफएक्स (VFX) और ग्राफिक्स देना है. बेहतरीन तकनीक और पौराणिक भव्यता के साथ यह फिल्म भारतीय सिनेमा का चेहरा बदलने की तैयारी में है.
दिवाली 2026 पर होगा महा-धमाका
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को दो भागों में बनाया जा रहा है. फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा. जहां पहले भाग में पात्रों का परिचय और वनवास की कहानी होगी, वहीं दूसरे भाग में युद्ध के बड़े दृश्यों को फिल्माया जाएगा.
सितारों से सजी है ‘राम’ की सेना और ‘रावण’ की लंका
फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान श्री राम), साई पल्लवी (माता सीता), सनी देओल (हनुमान) और यश (रावण) मुख्य भूमिकाओं में हैं. इनके अलावा अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, रवि दुबे और काजल अग्रवाल जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे. हालांकि, राघव जुयाल के ‘मेघनाद’ बनने की खबरों पर अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है.