Chunar Sarke Controversial Song: बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही और दिग्गज अभिनेता संजय दत्त पर फिल्माया गया नया गाना ‘चुनर सरके’ रिलीज होते ही कानूनी पचड़ों और विवादों के भंवर में फंस गया है. गाने के ‘डबल मीनिंग’ बोल और अश्लीलता के आरोपों के बाद मचे हंगामे ने अब एक गंभीर मोड़ ले लिया है.
यूट्यूब से हटा गाना, मंत्रालय तक पहुंची शिकायत
एडवोकेट और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने इस गाने के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लिखित शिकायत भेजी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि गाने के बोल और दृश्य अभद्र हैं, जो सार्वजनिक प्लेटफॉर्म के लिए उचित नहीं हैं. भारी विरोध और कानूनी दबाव के चलते इस गाने को YouTube से हटा दिया गया है.
संजय दत्त और नोरा पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट की मांग
मामला तब और गंभीर हो गया जब विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने मांग की है कि अश्लीलता फैलाने के आरोप में अभिनेता संजय दत्त, नोरा फतेही और फिल्म के मेकर्स के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की जाए. उनका तर्क है कि ऐसा कंटेंट युवाओं और समाज पर बेहद नकारात्मक प्रभाव डालता है.
“आर्ट के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर विनीत जिंदल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वे बॉलीवुड को ‘कला’ के नाम पर गंदगी फैलाने की इजाजत नहीं देंगे. गाने का यूट्यूब से हटना उनकी पहली बड़ी जीत मानी जा रही है. उन्होंने साफ किया कि मनोरंजन के नाम पर नैतिक सीमाओं का उल्लंघन नहीं होना चाहिए.
एडवोकेट एवं सामाजिक कार्यकर्ता Vineet Jindal ने @MIB_India के सचिव को एक लिखित शिकायत भेजकर फिल्म KD – The Devil के अश्लील और अभद्र गीत पर प्रतिबंध लगाने और उसे हटाने की मांग की है।
— Adv.Vineet Jindal (@vineetJindal19) March 17, 2026
यह गीत नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया है, जिसे गीतकार रकीब आलम ने लिखा है और निर्देशक… pic.twitter.com/OPBkXLLj5G
गीतकार रकीब आलम का चौंकाने वाला खुलासा
विवाद बढ़ता देख गाने के हिंदी बोल लिखने वाले रकीब आलम ने अपना पल्ला झाड़ लिया है. उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि ये बोल उनके ओरिजिनल नहीं हैं. रकीब के अनुसार, यह गाना मूल रूप से कन्नड़ भाषा में था और निर्देशक प्रेम के कहने पर उन्होंने बस इसका हूबहू अनुवाद (Translation) किया था.
“डायरेक्टर जानबूझकर विवाद चाहते थे”
रकीब आलम ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में दावा किया कि उन्होंने फिल्म के निर्देशक को पहले ही चेतावनी दी थी कि सीधा अनुवाद करने से मुश्किलें बढ़ेंगी और सेंसर बोर्ड इसे पास नहीं करेगा. रकीब का आरोप है कि निर्देशक ने उनकी बात अनसुनी कर दी और कहा कि वे “सब संभाल लेंगे.” गीतकार का मानना है कि निर्देशक ने चर्चा में रहने के लिए जानबूझकर यह कॉन्ट्रोवर्सी पैदा की है.