Mukesh Bhatt On Awarapan 2 Movie: बॉलीवुड गलियारों में पिछले काफी समय से फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर कई खबरें आईं हैं. साल 2007 की कल्ट क्लासिक फिल्म के इस सीक्वल का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन रिलीज में लगातार हो रही देरी ने कई सवाल खड़े कर दिए थे. हाल ही में चर्चा थी कि फिल्म के निर्माता मुकेश भट्ट बॉक्स ऑफिस पर आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ और साउथ इंडियन सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के दबदबे से घबराकर फिल्म को आगे बढ़ा रहे हैं. हालांकि, अब मुकेश भट्ट ने खुद सामने आकर इन सभी अफवाहों पर सीधा जवाब दिया है.
क्या है देरी की असली वजह?
मुकेश भट्ट ने साफ बताया कि फिल्म की रिलीज में देरी किसी डर की वजह से नहीं, बल्कि एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या के कारण हुई है. फिल्म की शूटिंग के दौरान फिल्म के लीड एक्टर इमरान हाशमी एक हादसे का शिकार हो गए थे, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी. डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम 45 दिनों तक किसी भी तरह के भारी एक्शन या स्टंट न करने की सख्त सलाह दी है. निर्माता ने बताया, “हमें इमरान की सेहत को प्राथमिकता देनी होगी. फिल्म के कई महत्वपूर्ण एक्शन सीक्वेंस अभी फिल्माए जाने बाकी हैं, जो उनके पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही संभव हैं. इसी वजह से हमने रिलीज को मई या जून 2026 तक टालने का फैसला किया है.”
कहानी और एक्टर की एक्टिंग पर निर्देशक को है भरोसा
बॉक्स ऑफिस क्लैश पर अपनी बेबाक राय रखते हुए मुकेश भट्ट ने कहा कि वह किसी भी फिल्म की सफलता से डरते नहीं हैं. आपको बता दें कि रणवीर सिंह अभिनीत ‘धुरंधर’ ने भारत में लगभग 800 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर हिंदी सिनेमा के कई रिकॉर्ड चुकी है. वहीं, गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ भी 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है.
इन बड़ी फिल्मों के बाद भी, मुकेश भट्ट को अपनी फिल्म की कहानी और इमरान हाशमी के एक्टिंग पर पूरा भरोसा है. निर्देशक का मानना है कि ‘आवारापन 2’ की अपनी एक अलग ऑडियंस है, जो इसके इमोशनल और एक्शन ड्रामा के लिए सालों से इंतजार कर रही है.